जापान में फिर कांपी धरती, टोक्यो तक दहले लोग, 5.9 तीव्रता के भूकंप से 23 लोग जख्मी

Japan Earthquake: जापान में रविवार तड़के आए तेज भूकंप ने राजधानी टोक्यो समेत पूर्वी हिस्से के कई इलाकों को हिला दिया। अचानक आए झटकों से लोगों में अफरातफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई है।

भूकंप के कारण चार प्रांतों में कुल 23 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह है कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया है।

सोते समय लगे झटके, घबराकर गिरे लोग

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक, Japan में आए Earthquake का केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में जमीन से करीब 70 किलोमीटर नीचे था। वहीं, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसकी प्रारंभिक तीव्रता 5.8 बताई है।

अधिकारियों के अनुसार सैतामा में 9, कानागावा में 9, चिबा में 4 और इबाराकी में एक व्यक्ति घायल हुआ है। कई लोगों को सोते समय अचानक झटका महसूस हुआ और घबराहट में उठने के दौरान वे गिर गए। कुछ लोग फर्नीचर या दरवाजों से टकराकर घायल हुए।

योमिउरी की रिपोर्ट के मुताबिक, योकोहामा में 80 साल से अधिक उम्र की एक महिला भूकंप के दौरान बिस्तर से गिर गई, जिससे उसके कूल्हे में गंभीर चोट आई।

पिछले महीने भी आया था शक्तिशाली भूकंप

जापान में लगातार भूकंप (Japan Earthquake) आते रहते हैं। इससे पहले 28 जुलाई को क्यूशू द्वीप पर 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। इसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी और तटीय इलाकों के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया था।

जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है। इसी वजह से वहां भूकंप की स्थिति में लोगों को जल्दी अलर्ट करने के लिए आधुनिक चेतावनी प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता है। फिलहाल अधिकारी ताजा भूकंप के बाद हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Also Read: पाकिस्तान में भारतीय दूतावास के पास खंभे हटे, दिल्ली में पाक हाई कमीशन के बाहर चला बुलडोजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.