Nestle से Coca-Cola तक पर FSSAI का एक्शन! भ्रामक विज्ञापनों पर थमाए 150 से ज्यादा नोटिस
FSSAI Action: नेस्ले, पेप्सीको और कोका-कोला जैसे बड़े नामों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। देश के फूड सेफ्टी रेगुलेटर FSSAI ने पिछले कुछ महीनों में खाद्य कंपनियों और फूड कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई तेज कर दी है।
रेगुलेटर के मुताबिक, भ्रामक विज्ञापन (Misleading Advertisements), गलत दावे और लेबलिंग नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर 150 से ज्यादा नोटिस जारी किए गए हैं। कार्रवाई सिर्फ पैकेट में बिकने वाले खाद्य उत्पादों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और बड़े रेस्टोरेंट ब्रांड भी इसकी जद में आए हैं।
FSSAI ने बताया कि कई बड़ी कंपनियों को खाद्य सुरक्षा कानून और उससे जुड़े नियमों के उल्लंघन को लेकर नोटिस भेजे गए हैं। इनमें Nestle India, PepsiCo, Abbott India, Red Bull India, Danone India, Monster Energy India, Mondelez India, Coca-Cola India, Diageo, Pernod Ricard और Ferrero India समेत कई कंपनियां शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान कुछ कंपनियों के उत्पाद जब्त किए गए और कुछ मामलों में लाइसेंस पर भी कार्रवाई हुई। हालांकि, किसी कंपनी को नोटिस जारी होने का मतलब यह नहीं है कि उसके खिलाफ लगाए गए आरोप अंतिम रूप से साबित हो गए हैं। संबंधित कंपनियों को अपना जवाब देने और जरूरी सुधार करने का मौका मिलता है।
Amazon और Flipkart पर भी कार्रवाई
FSSAI की निगरानी का दायरा ऑनलाइन फूड कारोबार तक भी पहुंच गया है। रेगुलेटर ने Amazon और Flipkart समेत ई-कॉमर्स कंपनियों को 12 नोटिस जारी किए हैं।
कार्रवाई के बाद Amazon के एक वेयरहाउस का लाइसेंस भी रद्द किया गया है। इससे संकेत मिलता है कि ऑनलाइन बिकने वाले खाद्य उत्पादों में भी लेबलिंग और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर जांच सख्त की जा रही है।
KFC से Domino’s तक, रेस्टोरेंट चेन भी रडार पर
फूड सर्विस सेक्टर में भी FSSAI ने कार्रवाई की है। KFC, McDonald’s, Pizza Hut, Domino’s और Costa Coffee समेत कई प्रतिष्ठानों को 30 से ज्यादा नोटिस जारी किए गए हैं।
वहीं, कार्रवाई के तहत Domino’s के पांच लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। यानी अब रेगुलेटर की नजर सिर्फ दुकानों या पैकेटबंद सामान पर नहीं, बल्कि ग्राहकों को परोसे जाने वाले खाद्य उत्पादों और उनसे जुड़े दावों पर भी है।
कंपनियों ने शुरू किए सुधारात्मक कदम
FSSAI के मुताबिक, नोटिस मिलने के बाद कई कंपनियों ने सुधारात्मक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। रेगुलेटर का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खाद्य कंपनियां, ऑनलाइन विक्रेता और फूड सर्विस कारोबार खाद्य सुरक्षा, विज्ञापन और लेबलिंग नियमों का पालन करें।
आने वाले समय में इस तरह की जांच और कार्रवाई और तेज होने की संभावना है।
Also Read: अब प्लास्टिक पाउच में नहीं मिलेगा पान मसाला, FSSAI ने बदले नियम, जानें और क्या-क्या बदला?

