यूपी में बिजली होगी महंगी, जून में बढ़ेगा बिल, उपभोक्ता परिषद ने जताया विरोध
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की जनता को जून महीने में बिजली के झटके के लिए तैयार रहना होगा, क्योंकि बिजली बिल में 4.27% की बढ़ोतरी होने जा रही है। यह बढ़ोतरी नई ईंधन अधिभार शुल्क नीति के तहत की जा रही है। दरअसल, मार्च महीने का 390 करोड़ रुपये का अधिभार अब जून के बिलों में वसूला जाएगा। इस फैसले से प्रदेश के करीब 3.45 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं की जेब पर असर पड़ेगा।
पहले भी बढ़ चुकी हैं दरें
जहां अप्रैल में बिजली दरों में 1.24% की बढ़ोतरी हुई थी, वहीं मई में 2% की मामूली राहत दी गई थी। अब जून में फिर से बढ़ती दरों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इस बढ़ोतरी का राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने जोरदार विरोध किया है। परिषद के अध्यक्ष अवधेश वर्मा ने इसे गैरकानूनी और अनुचित बताया है। उनका कहना है कि पावर कॉर्पोरेशन ने पहले से ही मल्टी ईयर टैरिफ रेगुलेशन के तहत 30% दर वृद्धि का प्रस्ताव भेजा है, जो जनता पर भारी बोझ डालेगा।
बकाया से वसूली होनी चाहिए, न कि अधिभार से
अवधेश वर्मा का तर्क है कि जब उपभोक्ताओं पर पहले से ही 33,122 करोड़ रुपये का बकाया है, तो ईंधन अधिभार की वसूली उसकी कटौती से होनी चाहिए, न कि अलग से बिल बढ़ाकर। उन्होंने साफ कहा कि इस मुद्दे को जल्द ही विद्युत नियामक आयोग के सामने उठाया जाएगा।
Also Read: अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का तीखा हमला, बोले- जो अपने पिता का नहीं, वो किसी और का क्या होगा

