कांग्रेस में मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की सोच के अनुरूप समावेशी संगठन बनाने पर जोर

Lucknow News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की चुनाव समिति सदस्य एवं संगठन सृजन अभियान की एआईसीसी पर्यवेक्षक डॉ. अमी याज्ञनिक और पूर्व सांसद व चुनाव समिति सदस्य पीएल पुनिया ने संयुक्त प्रेसवार्ता को संबोधित किया। प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. अमी याज्ञनिक ने बताया कि उन्हें लखनऊ में इस अभियान को गति देने का दायित्व सौंपा गया है, जिसकी औपचारिक शुरुआत आज से कर दी गई है। यह देशव्यापी अभियान जिलों और शहरों में समर्पित नेतृत्व चुनने और संगठन को नया आधार देने के लिए चलाया जा रहा है।

हर वर्ग और समाज का व्यक्ति जुड़ सकेगा संगठन से: डॉ. अमी याज्ञनिक

डॉ. अमी याज्ञनिक ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी का स्पष्ट ध्येय है कि समाज के हर तबके को पार्टी से जोड़कर एक समावेशी ढांचा तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, मजदूरों, किसानों और व्यापारियों के बीच पहुंचकर उनकी जमीनी समस्याओं को समझा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षक, वकील, डॉक्टर और व्यापारी कोई भी व्यक्ति व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपनी बात रख सकता है और संगठन में विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकता है। इस पारदर्शिता से नई और ऊर्जावान लीडरशिप उभरकर सामने आएगी।

जिला, विधानसभा और ब्लॉक स्तर तक परखा जाएगा संगठनात्मक ढांचा: पीएल पुनिया

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने कहा कि पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. अमी याज्ञनिक लखनऊ के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से एक-एक कर व्यक्तिगत मुलाकात करेंगी। वे बैठकों के जरिए जिला एवं शहर अध्यक्ष पद के लिए सबसे योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं की तलाश करेंगी। इसके साथ ही, जिला स्तर से लेकर विधानसभा और ब्लॉक स्तर तक के संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा की जाएगी ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत किया जा सके।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पांडेय, जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बबलू, उत्तरी शहर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, दक्षिणी शहर अध्यक्ष डॉ. शहजाद आलम और पीसीसी पर्यवेक्षक अतुल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Also Read: रानी अवंती बाई महान क्रांतिकारी, देशवासियों को प्रेरणा देता है वीरांगनाओं का तप-त्याग और बलिदान: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.