वंदे मातरम् को बीच में रोकना राष्ट्रगीत और भारत माता का घोर अनादर: केशव मौर्य

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की मौजूदगी में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को बीच में ही रोक दिया गया, जो सीधे तौर पर भारत माता का अनादर है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि वंदे मातरम् के छह छंदों में भारत माता को दुर्गा, सरस्वती और लक्ष्मी का रूप माना गया है, जिसे कांग्रेस अपनी तुष्टिकरण और राष्ट्र-विरोधी नीति के चलते स्वीकार नहीं कर पा रही है। उन्होंने इस कृत्य को 1947 के विभाजन वाली मानसिकता से प्रेरित और राष्ट्रद्रोह बताते हुए शीर्ष नेतृत्व से देश से तुरंत माफी मांगने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही, समाज व कार्यकर्ताओं से इस वैचारिक नक्सलवाद के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने का आह्वान किया।

अखिलेश यादव पर करारा तंज

मेडिकल कॉलेजों को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उनके दावे पूरी तरह आधारहीन हैं। वर्तमान में मेडिकल कॉलेजों में काउंसलिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है और वहां शैक्षणिक माहौल पूरी तरह व्यवस्थित है। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जिनके परिवार में केवल लठैत रहे हैं, वे शिक्षा के महत्व को नहीं समझ सकते। यदि उनके परिवार में पढ़ने वाले लोग हैं, तो वे भी वहां जाकर शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं।

प्रदेश में एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर इस तरह की सस्ती बयानबाजी की जा रही है। 25 करोड़ की आबादी वाले विशाल राज्य में किसी एक इक्का-दुक्का घटना को ढाल बनाकर पूरी व्यवस्था पर सवाल उठाना अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उत्तर प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को जरूरत पड़ने पर त्वरित एंबुलेंस और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार काम कर रही है।

Also Read: कांग्रेस में मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की सोच के अनुरूप समावेशी संगठन बनाने पर जोर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.