टाइगर पर चलीं थी 5 राउंड गोलियां, बारूद और कांच से घायल हुआ हाथ, शिंदे बोले, ‘कोई बख्शा नहीं जाएगा’
Tiger Shroff Firing: मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) उनसे मिलने उनके घर पहुंचे। मुलाकात के बाद सामने आई तस्वीरों में टाइगर के हाथ और सीने पर पट्टी दिखाई दी।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, अभिनेता को गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित हैं। शिंदे ने बताया कि हमले के दौरान पांच राउंड गोलियां चलाई गई थीं। बारूद और कांच के टुकड़ों से टाइगर के बाएं हाथ में चोट आई, जबकि उनके ड्राइवर को गंभीर चोटें लगी हैं।
बारूद और कांच से घायल हुए टाइगर
समाचार एजेंसी ANI की ओर से जारी तस्वीरों में टाइगर श्रॉफ के कंधे पर भी ड्रेसिंग नजर आई। मुलाकात के दौरान उनकी मां आयशा श्रॉफ भी मौजूद थीं। शिंदे ने कहा कि घटना (Mumbai Firing Case) के बाद टाइगर और उनकी मां सदमे में हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सार्वजनिक हस्तियों को मिल रही धमकियों को गंभीरता से ले रही है और ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
शिंदे ने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह बहुत बड़ी घटना है… पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, लेकिन किस्मत से वह सुरक्षित बच गए। उनके ड्राइवर को चोट आई है, यह घटना निंदनीय है। मैं एक्टर से मिला हूं, उनके बाएं हाथ पर गनपाउडर और कांच के टुकड़ों की वजह से चोट आई है।”
उन्होंने आगे कहा कि सरकार इस तरह की धमकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
फुटबॉल क्लब से निकलते समय हुआ हमला
टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर रविवार शाम उस समय हमला हुआ, जब वह फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे। हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर गोलियां चलाईं। घटना के बाद अभिनेता की बहन कृष्णा श्रॉफ भी घर पहुंचीं। दिशा पाटनी के भी उनसे मिलने पहुंचने की खबर सामने आई।
हमले की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद प्रशंसक Tiger Shroff के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Also Read: ‘सलमान के साथ काम किया तो अगला नंबर तुम्हारा’, टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद लॉरेंस गैंग की धमकी

