पिता की विरासत, भाई की सीट, क्या अब उमर संभालेंगे अंसारी की सियासी पारी?

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के चर्चित अंसारी परिवार की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक ओर पिता मुख्तार अंसारी की मौत, दूसरी ओर मां आफ्सा अंसारी की फरारी और अब भाई अब्बास अंसारी को हेट स्पीच मामले में दो साल की सजा इन सबने परिवार को राजनीतिक और कानूनी मोर्चों पर घेर लिया है। मऊ की अदालत के फैसले के बाद अब्बास अंसारी की विधानसभा सदस्यता भी संकट में पड़ गई है।

अब उमर अंसारी मैदान में?

ऐसे हालात में अंसारी परिवार की निगाहें अब छोटे बेटे उमर अंसारी पर टिक गई हैं। अगर अब्बास की विधायकी रद्द होती है और सीट रिक्त घोषित की जाती है, तो उपचुनाव की स्थिति बन सकती है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस सीट से उमर अंसारी को चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है।

पिता के निधन के बाद उमर अंसारी जिस तरह लगातार जनता से संपर्क में हैं और भाई की अनुपस्थिति में भी विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय बने हुए हैं, वह इस संभावना को और मजबूत करता है। शुक्रवार को वह कोर्ट में भी अब्बास के साथ मौजूद रहे और पूरे मामले की सुनवाई के दौरान उनके साथ खड़े नजर आए।

हाईकोर्ट जाने की तैयारी में परिवार

परिवार से जुड़े करीबी सूत्रों की मानें तो अब्बास अंसारी के वकील अब इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करने की तैयारी कर रहे हैं। इससे पहले भी अफजाल अंसारी को लोकसभा सदस्यता संकट से कोर्ट ने राहत दी थी, जिससे परिवार को उम्मीद है कि इस बार भी न्याय मिलेगा।

हेट स्पीच और चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के मामले में शनिवार को मऊ की अदालत ने अब्बास अंसारी को दोषी करार देते हुए दो साल की सजा सुनाई थी। साथ ही उन्हें अलग-अलग धाराओं के तहत कुल ₹11,000 का जुर्माना भी भरना होगा। सजा के एलान के साथ ही उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उनकी सीट को रिक्त घोषित कर दिया। इसके लिए विशेष रूप से रविवार को सचिवालय खोला गया और चुनाव आयोग को इसकी विधिवत जानकारी भेज दी गई।

अब सबकी नजरें उपचुनाव पर

अब इस सीट पर उपचुनाव तय माने जा रहे हैं। अंसारी परिवार के राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। क्या उमर अंसारी अपने पिता और भाई की विरासत को आगे बढ़ाएंगे? क्या जनता उन्हें स्वीकार करेगी? ये सवाल अब आने वाले समय में राजनीतिक परिदृश्य को तय करेंगे।

Also Read: राष्ट्रनायकों और नायिकाओं से प्रेरणा लेने वालों की राह में कोई भी ताकत बाधा नहीं बन सकती: CM योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.