अस्पताल में मरीज को लात मारने वाली महिला सफाईकर्मी सस्पेंड, डिप्टी CM ने दिए जांच के आदेश

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला अस्पताल से एक बेहद शर्मनाक और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल के एक वार्ड में तैनात एक महिला सफाईकर्मी द्वारा मानसिक रूप से विक्षिप्त एक मरीज को बेरहमी से लात मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह वीडियो करीब 39 सेकेंड का है, जिसने पूरे स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत गहन जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी मरीज के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आरोपी महिला सस्पेंड, जांच के आदेश जारी

मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल के सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने आरोपी महिला सफाईकर्मी पिंकी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो में कैद अमानवीय व्यवहार 

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला सफाईकर्मी जमीन पर बैठे मानसिक रूप से कमजोर युवक को लगातार लात मार रही है और उसे भद्दी गालियां भी दे रही है। बताया जा रहा है कि उसने लगभग 10 बार लात मारी। इस दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे।

नर्स जैसी ड्रेस और व्यवहार पर भी सवाल

जानकारी के अनुसार आरोपी महिला सफाईकर्मी ड्यूटी के दौरान सफेद सलवार-सूट पहनती थी और आई कार्ड लगाकर खुद को नर्स जैसा पेश करती थी। इसी वजह से वह मरीजों और तीमारदारों पर रौब झाड़ती थी। इस घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.