दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया फ्लाइट के इंजन में लगी आग, पायलटों ने सूझबूझ से सुरक्षित उतारे 160 यात्री
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार शाम एक भयानक विमान हादसा होते-होते बाल-बाल टल गया। बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI2802) के इंजन में लैंडिंग से ठीक पहले आसमान में ही अचानक आग लग गई। हालांकि, कॉकपिट क्रू और पायलटों की बेजोड़ सूझबूझ व त्वरित एक्शन के चलते एक बड़ा विमान हादसा टल गया और फ्लाइट को रनवे पर सुरक्षित लैंड करा लिया गया। विमान में सवार सभी 160 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की जान पूरी तरह सुरक्षित है।
लैंडिंग के अंतिम पलों में कॉकपिट में गूंजा फायर अलार्म
एयर इंडिया द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह बेहद डरावनी घटना उस समय हुई जब विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अंतिम प्रक्रिया (Final Approach) में था। इसी दौरान कॉकपिट में अचानक इंजन में आग लगने का संकेत (Fire Warning Alarm) गूंज उठा। क्रू ने जब तुरंत तकनीकी जांच की, तो पाया कि विमान के एक इंजन में आग लगने का अलर्ट बिल्कुल सच था।
ऐसी आपातकालीन और अत्यधिक तनावपूर्ण स्थिति में भी पायलटों ने पूरी तरह से धैर्य बनाए रखा। एयरलाइंस ने बताया कि कॉकपिट क्रू ने तुरंत सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) को एक्टिव किया और बेहद सधे हुए अंदाज में एक इंजन के सहारे विमान को दिल्ली के रनवे पर सुरक्षित उतार दिया।
बिना किसी भगदड़ के सुरक्षित निकाले गए पैसेंजर्स
रनवे पर विमान के रुकते ही आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किया गया। हालांकि, क्रू ने स्थिति को इतनी कुशलता से संभाला कि विमान के अंदर कोई अफरा-तफरी या भगदड़ नहीं मची। सभी 160 यात्रियों को बेहद सामान्य और सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकालकर टर्मिनल पहुंचाया गया, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
इस बेहद गंभीर तकनीकी खराबी और लापरवाही को लेकर एयर इंडिया ने आंतरिक जांच के आदेश दे दिए हैं। इसके साथ ही, विमानन क्षेत्र के शीर्ष नियामक महानिदेशालय (DGCA) को भी घटना की रिपोर्ट सौंप दी गई है। अब एविएशन रेगुलेटर और एयरलाइंस की टीमें संयुक्त रूप से इस बात की विस्तृत जांच करेंगी कि उड़ान के दौरान अचानक इंजन में आग किस तकनीकी खराबी की वजह से लगी।
Also Read: IPL इतिहास में टूटी 18 साल पुरानी परंपरा, पहली बार हुआ ये बड़ा उलटफेर

