Firozabad News: चोरी, लूट और स्नैचिंग के 20 से ज्यादा केस, 50 हजार का इनामी गैंगस्टर लखन गिहार गिरफ्तार

Firozabad News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सिरसागंज, जनपद फिरोजाबाद में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित और ₹50 हजार के इनामी अपराधी लखन पुत्र महेंद्र गिहार को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

एसटीएफ के अनुसार, यह गिरफ्तारी 29 जून 2026 को थाना सिरसागंज क्षेत्र के उखरेड़ा कट (फिरोजाबाद) के पास की गई।

आरोपी की तलाश में एसटीएफ की फील्ड यूनिट आगरा लगातार निगरानी और सूचना संकलन में जुटी थी।

मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।

चोरी, लूट और स्नैचिंग में रहा है सक्रिय

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी लखन ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2015 से लगातार चोरी, नकबजनी और स्नैचिंग जैसी वारदातों में संलिप्त रहा है।

उसने फिरोजाबाद, आगरा, इटावा और मैनपुरी समेत कई जिलों में घूम-घूमकर अपराध किए हैं।

इसी आपराधिक गतिविधियों के चलते उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी और उस पर ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लखन गिहार के खिलाफ विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी, लूट और गंभीर धाराओं में 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

उसके गिरोह के अन्य सदस्य भी पहले ही अलग-अलग जिलों में सक्रिय रहे हैं।

आगे की कार्रवाई जारी

गिरफ्तार आरोपी को थाना सिरसागंज, फिरोजाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 03/2026 (धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट) में दाखिल कर दिया गया है।

आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read: एटा में इंटर कॉलेज क्लर्क की हत्या, प्रिंसिपल के कार की डिक्की से मिला शव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.