अलीगढ़ में हेरोइन के साथ महिला सहित 5 तस्कर गिरफ्तार

Aligarh News: उत्तर प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की आगरा ऑपरेशनल यूनिट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ANTF की टीम ने अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र के खैर रोड पर जीडी पब्लिक स्कूल के सामने से एक महिला समेत पांच सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 846 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करों के पास से 4,40,750 रुपये की नकदी और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली दो स्कूटियां भी जब्त की हैं।

अलीगढ़ और आसपास के जिलों में थी सप्लाई

डीजीपी उत्तर प्रदेश और एएनटीएफ लखनऊ के आला अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों ने कुबूल किया है कि वे काफी लंबे समय से क्षेत्र में ड्रग्स सप्लाई का अवैध धंधा कर रहे थे। वे यह खेप कासगंज के रहने वाले एक सप्लायर से लेकर आते थे और उसे अलीगढ़ तथा आसपास के सीमावर्ती जनपदों में छोटे तस्करों और नशेड़ियों को ऊंचे दामों पर बेच देते थे। पुलिस अब कासगंज के उस मुख्य सप्लायर की तलाश में जुट गई है।

ANTF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दबोचे गए आरोपियों की पहचान मोहसिन पुत्र जाहिद, निवासी महमूद नगर, गली नंबर 01 (ममता लॉज के पास), थाना रोरावर, अलीगढ़, शराफत खान पुत्र अशरफ खान, निवासी- ओल्ड मुस्तफाबाद, दिल्ली (हाल निवासी शहजमाल मरघट के पास, थाना रोरावर, अलीगढ़), तनिष्क मित्तल पुत्र राजीव मित्तल, निवासी मोहल्ला मामा भांजा, रेलवे रोड, थाना कोतवाली, अलीगढ़, नीशु कश्यप पुत्र निरंजन, निवासी गांधी नगर, थाना गांधी पार्क, अलीगढ़ और टीया शर्मा पत्नी स्व. भरत जैन, निवासी- सेक्टर जी-1, गोविंदनगर, थाना गोविंदनगर, मथुरा के रूप में हुई है।

इस बड़ी बरामदगी के संबंध में अलीगढ़ के थाना रोरावर में सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और उन्हें जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली एएनटीएफ आगरा यूनिट की टीम में निरीक्षक हरवेंद्र मिश्र, मुख्य आरक्षी सुधीर कुमार, अजीत सिंह, आशीष शुक्ला, लखन लाल और चालक मुकेश चन्द्र शामिल रहे, जिन्हें थाना रोरावर पुलिस टीम का भी भरपूर सहयोग मिला।

Also Read: बद्रीनाथ मंदिर दान विवाद को लेकर धामी सरकार ने बैठाई हाई-लेवल जांच, BKTC के प्रमोद नौटियाल सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.