Flipkart को RBI से मिला लोन देने का लाइसेंस, अब सीधे ग्राहकों और विक्रेताओं को दे सकेगी कर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk : वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट को भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) से नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) का लाइसेंस मिल गया है। इससे फ्लिपकार्ट अब अपने प्लेटफॉर्म पर ग्राहकों और विक्रेताओं को सीधे तौर पर लोन दे सकेगी। यह लाइसेंस भारत में किसी बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को पहली बार मिला है।
अभी तक ज़्यादातर ई-कॉमर्स कंपनियां बैंकों और NBFCs के साथ पार्टनरशिप में ही लोन देती हैं, लेकिन अपना खुद का लाइसेंस मिलने से फ्लिपकार्ट को सीधे लोन देने का फायदा मिलेगा, जो कि ज़्यादा मुनाफे वाला मॉडल है।
RBI ने 13 मार्च को फ्लिपकार्ट फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड को यह लाइसेंस जारी किया। रॉयटर्स ने इसकी पुष्टि रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और RBI के अप्रूवल लेटर से की है। फ्लिपकार्ट ने यह लाइसेंस 2022 में ही अप्लाई किया था।
RBI ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है
इस बारे में फ्लिपकार्ट और RBI ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हालांकि, एक सूत्र के मुताबिक, कंपनी अगले कुछ महीनों में लोन देना शुरू कर सकती है। इससे पहले उसे अपने बोर्ड मेंबर्स और मैनेजमेंट टीम की नियुक्ति जैसी कुछ आंतरिक प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।
फ्लिपकार्ट अपने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और फिनटेक ऐप super.money के ज़रिए ग्राहकों को लोन देने की योजना बना रही है। साथ ही, प्लेटफॉर्म पर मौजूद विक्रेताओं को भी फाइनेंसिंग ऑफर की जा सकती है। फिलहाल, फ्लिपकार्ट एक्सिस बैंक, आईडीएफसी बैंक और क्रेडिट सैसन जैसी संस्थाओं के साथ मिलकर पर्सनल लोन देती है।
2024 में फ्लिपकार्ट का वैल्यूएशन 37 अरब डॉलर था, जब उसने वॉलमार्ट की अगुआई में 1 अरब डॉलर की फंडिंग जुटाई थी। कंपनी अब अपना होल्डिंग कंपनी का मुख्यालय सिंगापुर से भारत शिफ्ट कर रही है। वॉलमार्ट फ्लिपकार्ट को जल्द ही पब्लिक लिस्ट कराना चाहता है।
2018 में वॉलमार्ट ने फ्लिपकार्ट में कंट्रोलिंग स्टेक खरीदा था, जिसमें फिनटेक कंपनी फोनपे भी शामिल थी। फोनपे भी आने वाले समय में IPO लाने की तैयारी कर रहा है।
इसी साल फ्लिपकार्ट के प्रतिद्वंद्वी अमेज़न ने बेंगलुरु की NBFC कंपनी एक्सियो को खरीदा था, लेकिन यह डील अभी RBI से मंजूरी का इंतज़ार कर रही है।
Also Read : GST काउंसिल खत्म कर सकती है 12% वाला स्लैब, इन अलग-अलग स्लैब में शिफ्ट होंगी चीजें- जानें डिटेल्स

