पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी ने की खुदकुशी, TMC दफ्तर में फांसी के फंदे से लटका मिला शव
West Bengal News: पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और TMC (Trinamool Congress) के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी (Ashish Banerjee) का रविवार सुबह बीरभूम जिले के रामपुरहाट में निधन हो गया। उनका शव उनके घर के पास स्थित पार्टी कार्यालय से बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, शव फंदे से लटका हुआ मिला है।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को पार्टी कार्यालय से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि, पुलिस ने अभी नोट की सामग्री या उसमें लिखी बातों को सार्वजनिक नहीं किया है।
परिवार को हुआ शक, फिर पुलिस को दी सूचना
आशीष बनर्जी (Ashish Banerjee) के भाई प्रशांत बनर्जी (Prashant Banerjee) ने बताया कि पार्टी कार्यालय के दरवाजे में बने एक छोटे छेद से रस्सी लटकी दिखाई दी, जिसके बाद परिवार को संदेह हुआ। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
उन्होंने बताया कि आशीष बनर्जी आमतौर पर दिनभर पार्टी कार्यालय में रहते थे। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भी वहां झंडा फहराया गया था और उस समय तक सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था।
ममता बनर्जी की सरकार में मंत्री भी रहे
70 वर्षीय Ashish Banerjee बीरभूम की राजनीति के बड़े चेहरों में गिने जाते थे। वह रामपुरहाट विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक रहे। 2011 में ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में पहली बार TMC सरकार बनने के बाद उन्हें शिक्षा और कृषि विभाग की जिम्मेदारी मिली थी।
बाद में वह West Bengal Assembly के डिप्टी स्पीकर भी बने। लंबे समय तक वह रामपुरहाट और बीरभूम की राजनीति में TMC के प्रभावशाली नेताओं में शामिल रहे।
2026 चुनाव में BJP उम्मीदवार से मिली थी हार
इसी साल हुए West Bengal Assembly Election 2026 में आशीष बनर्जी को BJP उम्मीदवार ध्रुव साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव में बीरभूम जिले की 11 विधानसभा सीटों में से बीजेपी ने छह सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि 2021 में TMC ने यहां 10 सीटें जीती थीं।
Ashish Banerjee ने जून 2026 में TMC की बीरभूम जिला कोर कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा भी दे दिया था। हालांकि, उन्होंने तब साफ किया था कि वह पार्टी के सामान्य सदस्य बने रहेंगे।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बरामद कथित सुसाइड नोट समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

