लखनऊ विधायक निवास की 7वीं मंजिल से गिरकर पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की मौत, जांच में जुटी पुलिस
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लालबाग स्थित नए विधायक निवास में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की विधायक निवास की 7वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
नानकदीन भुर्जी वर्तमान में भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पदाधिकारी थे और पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रहते थे। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह किन परिस्थितियों में सातवीं मंजिल से नीचे गिरे। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों पर कुछ कहा जा सकेगा।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पूर्व मंत्री की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार, समर्थकों और करीबी लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके बेटे समेत कई परिजन सिविल अस्पताल पहुंच गए, जबकि मोर्चरी के बाहर समर्थकों की भीड़ जुट गई। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार या पुष्टि नहीं की है।
Also read: कंगना रनौत बोलीं- पीएम मोदी और उनकी मां पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले ये कैसे छात्र थे

