इस राज्य में 15,000 करोड़ का निवेश करेगी Foxconn, लगभग 14,000 लोगो को मिलेगी नौकरी

Sandesh Wahak Digital Desk : ‘मेक इन इंडिया’ को लेकर भारत सरकार की कोशिशों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। ताइवान की प्रमुख विनिर्माण कंपनी Foxconn ने तमिलनाडु में 15,000 करोड़ रुपये के भारी निवेश का ऐलान किया है। इस निवेश से लगभग 14,000 उच्च-स्तरीय रोजगार पैदा होने की उम्मीद है।

तमिलनाडु के उद्योग मंत्री टी.आर.बी. राजा ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह राज्य के इंजीनियरिंग क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा रोजगार सृजन प्रोजेक्ट्स में से एक होगा। उन्होंने कहा कि इससे तमिलनाडु के इलेक्ट्रॉनिक्स और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री ने बताया कि फॉक्सकॉन अगली पीढ़ी की वैल्यू एडेड मैन्युफैक्चरिंग, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित एडवांस्ड टेक ऑपरेशंस लाएगी।

TN Foxconn

फॉक्सकॉन के भारतीय प्रतिनिधि रॉबर्ट वू ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन से मुलाकात कर यह निवेश का प्रस्ताव रखा। इसके तहत पहली बार तमिलनाडु इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एजेंसी के मार्गदर्शन में फॉक्सकॉन डेस्क स्थापित की जाएगी। राजा ने कहा कि यह डेस्क ‘मिशन मोड’ में काम करेगी और ‘ड्रवीडियन मॉडल 2.0’ के लिए मंच तैयार करेगी।

Foxconn का निवेश, सरकार के लिए एक बड़ी राहत

यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका द्वारा उच्च आयात शुल्क लगाए जाने से ‘मेक इन इंडिया’ पहल पर कुछ असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में फॉक्सकॉन का यह बड़ा निवेश सरकार के लिए एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।

फिलहाल फॉक्सकॉन के प्लांट तमिलनाडु, तेलंगाना और कर्नाटक में संचालित हैं। गौरतलब है कि रविवार को रॉबर्ट वू ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से भी मुलाकात की थी, जिसमें राज्य में फॉक्सकॉन की मौजूदा परिचालन और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई थी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.