दिल्ली पुलिस भर्ती में गजब का फर्जीवाड़ा, रेस में कोई और दौड़ा, हाइट-चेस्ट किसी और की नापी

Delhi Police Recruitment Fraud: दिल्ली पुलिस कांस्टेबल एग्जीक्यूटिव भर्ती में फर्जीवाड़े का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस अकादमी (DPA), वजीराबाद में चल रहे फिजिकल एंड्यूरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट (PEMT) के दौरान एक उम्मीदवार को उस वक्त पकड़ लिया गया, जब वह फिजिकल टेस्ट देने वाले व्यक्ति की जगह हाइट और चेस्ट मेजरमेंट कराने पहुंचा था।

मामला 19 वर्षीय अक्षित का है, जो हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला बताया गया है। दरअसल, PEMT में पहले 1600 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप और हाई जंप होती है। इसके बाद उम्मीदवारों का हाइट और चेस्ट मेजरमेंट किया जाता है। अक्षित जब मेजरमेंट के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहा था, तब अधिकारियों को उस पर शक हुआ।

शरीर पर न पसीना, न धूल, साथियों ने भी खोला राज

अधिकारियों ने देखा कि अक्षित के शरीर पर न तो दौड़ने के बाद आने वाला पसीना था और न ही धूल के निशान। साथ मौजूद एक अन्य उम्मीदवार ने भी बताया कि फिजिकल एक्टिविटीज में हिस्सा लेने वाला व्यक्ति अक्षित नहीं था।

लगातार पूछताछ में अक्षित ने कथित तौर पर बताया कि उसके भाई ने उसके लिए फिजिकल एंड्यूरेंस टेस्ट देने के लिए दूसरे व्यक्ति का इंतजाम किया था। वह व्यक्ति कथित तौर पर छेड़छाड़ किए गए एडमिट कार्ड का इस्तेमाल कर परीक्षा केंद्र में दाखिल हुआ और दौड़ व अन्य फिजिकल टेस्ट पूरा करने के बाद वहां से निकल गया।

जाने से पहले वह व्यक्ति अक्षित को चेस्ट नंबर दे गया, ताकि वह आगे बायोमेट्रिक और हाइट-चेस्ट मेजरमेंट पूरा कर सके। पुलिस ने अक्षित को सोनिया विहार थाने के हवाले कर दिया है और मामले में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

फिजिकल टेस्ट के दौरान उम्मीदवार की मौत

इसी भर्ती प्रक्रिया के दौरान कुछ दिन पहले एक दुखद घटना भी हुई। कांस्टेबल भर्ती के PEMT में शामिल 23 वर्षीय सौरव कुमार की दौड़ के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।

सौरव उत्तर प्रदेश के अनूपशहर के सलामतपुर स्थित नेता नगर गांव के रहने वाले थे। सोमवार सुबह रेस के दौरान उन्होंने शुरुआती तीन राउंड पूरे कर लिए थे। इसके बाद उन्हें परेशानी महसूस हुई और वह ट्रैक के किनारे जाकर बैठने वाले उम्मीदवारों के पास पहुंचे। वहां पहुंचते ही वह बेहोश होकर गिर पड़े।

उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

Also Read: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दीपके का नया कदम, CJP ने शुरू किया ऑनलाइन सिग्नेचर कैंपेन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.