Bareilly News: फर्जी पत्रकार और मत्स्य अधिकारी बनकर वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद की भोजीपुरा और देवरनियां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने खुद को फर्जी पत्रकार और मत्स्य विभाग का अधिकारी बताकर आम जनता को डराने-धमकाने व उनसे मोटी रकम ऐंठने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरोह के 2 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह अब तक विभिन्न लोगों को डरा-धमकाकर 2 लाख रुपये से अधिक का अनुचित आर्थिक लाभ उठा चुका है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम घंघोरा पिपरिया निवासी सालिम रजा ने 11 सितंबर 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को आरोपियों ने कॉल कर खुद को मत्स्य विभाग का अधिकारी बताया और कार्रवाई का डर दिखाकर 70,000 रुपये ऐंठ लिए। जब आरोपी साजिद पुत्र मौजम खां दोबारा रकम वसूलने पहुंचा, तो उसे मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए।

जांच में सामने आया कि इसी गिरोह ने 6 सितंबर 2026 को देवरनियां थाना क्षेत्र के भूला भुलनिया निवासी प्यारे लाल से भी मत्स्य अधिकारी बनकर 13,000 रुपये की वसूली की थी। इस मामले में देवरनियां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 सितंबर की रात देवरनियां रेलवे स्टेशन के पास से दूसरे अभियुक्त मो. आजम को धर दबोचा।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त साजिद और मो. आजम ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों (रिजवान खान, बसंत शर्मा और अरविन्द) के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चलाते हैं। वे मुख्य रूप से मछली पालन करने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। उन्हें मुकदमों में फंसाने, पुलिस कार्रवाई कराने और जेल भिजवाने की धमकी देकर नकद व यूपीआई (ऑनलाइन) माध्यम से रकम ऐंठते थे और आपस में बांट लेते थे। पुलिस को आरोपियों के फोन से ऑनलाइन लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। वहीं, गिरोह के अन्य फरार साथियों (रिजवान, बसंत शर्मा व अरविन्द) की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: जिम के बाद 3-5 दिन तक रहता है मांसपेशियों का दर्द, जानें DOMS या चोट का संकेत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.