लखनऊ में जलभराव से डेढ़ साल की मासूम की मौत, समय पर अस्पताल नहीं ले जा सके परिजन

Lucknow Child Death: लखनऊ के फैजुल्लागंज (Faizullaganj) में भारी जलभराव एक डेढ़ साल की मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गया। लोहरामऊ, पतंग मैदान के पास रहने वाले हजरत अली की बेटी शिफा काफी समय से बीमार थी और उसका इलाज एसजीपीजीआई (SGPGI) में चल रहा था। कुछ दिनों से उसे बुखार भी था।

शनिवार रात अचानक शिफा की तबीयत बिगड़ गई। परिवार उसे अस्पताल ले जाना चाहता था, लेकिन घर के चारों तरफ बारिश का पानी भरा होने के कारण बाहर निकलने का रास्ता बंद था। समय पर इलाज नहीं मिल पाने से बच्ची ने घर में ही दम तोड़ दिया।

एंबुलेंस भी जलभराव के कारण नहीं पहुंची

परिवार के सदस्य मोहम्मद हासिम ने बताया कि रात में शिफा को अस्पताल पहुंचाने की काफी कोशिश की गई। निजी एंबुलेंस भी बुलाई गई, लेकिन घर तक पहुंचने के रास्ते में भीषण जलभराव था। परिवार के मुताबिक, पानी की स्थिति देखकर एंबुलेंस और दूसरे वाहनों ने वहां आने से मना कर दिया।

अंधेरा होने के कारण जलभराव के बीच बच्ची को लेकर बाहर निकलना भी मुश्किल था। इसी बीच देर रात शिफा की मौत हो गई। परिवार का कहना है कि अगर समय पर उसे अस्पताल पहुंचाया जा सकता तो इलाज मिल पाता।

शिकायत के बाद भी नहीं निकाला गया पानी

स्थानीय लोगों ने बताया कि फैजुल्लागंज की कॉलोनियों में बारिश के बाद लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की निकासी के लिए पार्षद से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। परिवार का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जल निकासी के लिए पंप भी नहीं लगाया गया।

बेटी की मौत के बाद हजरत अली का परिवार अपना घर छोड़कर शाही गेस्ट हाउस के पास रहने वाले भाई कमरुद्दीन के घर चला गया है। इकलौती बेटी को खोने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Also Read: लखनऊ में 10 साल की बच्ची से रेप की कोशिश, पहले भी करता था पीछा और अश्लील हरकतें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.