Google Map ने कर दिया खेल! मुजफ्फरनगर की बजाय पहुंचा दिया शामली, छात्रों का छूटा पुलिस एग्जाम
UP Police Recruitment Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। गाजियाबाद से परीक्षा देने आए चार अभ्यर्थी Google Maps की गलत लोकेशन के कारण अपने परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच सके और उनकी परीक्षा छूट गई। उम्मीदवारों को मुजफ्फरनगर के दीपचंद ग्रीन इंटर कॉलेज में परीक्षा देनी थी, लेकिन गूगल मैप ने उन्हें शामली जिले के एक गांव में पहुंचा दिया।
जानकारी के अनुसार, चारों अभ्यर्थी गाजियाबाद से परीक्षा देने के लिए निकले थे। उन्होंने प्रवेश पत्र पर दर्ज परीक्षा केंद्र की लोकेशन खोजने के लिए गूगल मैप का इस्तेमाल किया। लेकिन मैप पर कॉलेज की लोकेशन शामली जिले के चंदेढ़ी गांव में दिखाई गई। इसी वजह से सभी अभ्यर्थी गलत दिशा में चले गए और मुजफ्फरनगर की जगह शामली पहुंच गए।
जब तक उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ और सही परीक्षा केंद्र का पता चला, तब तक परीक्षा शुरू हो चुकी थी और निर्धारित समय निकल गया था। नतीजतन चारों उम्मीदवार परीक्षा देने से वंचित रह गए।
एक तकनीकी गलती ने बिगाड़ दिया सालभर का इंतजार
पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे इन युवाओं के लिए यह बड़ा झटका साबित हुआ। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने पूरी तैयारी की थी, लेकिन गूगल मैप की गलत लोकेशन के कारण उनका सालभर का इंतजार और मेहनत बेकार हो गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर गूगल और भर्ती बोर्ड से पत्राचार किया जाएगा।
एसएसपी ने सुझाव दिया कि भविष्य में परीक्षा केंद्रों के एडमिट कार्ड पर QR Code भी दिया जाए, जिससे उम्मीदवार सीधे सही लोकेशन तक पहुंच सकें और ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
तकनीक पर अंधा भरोसा पड़ सकता है भारी
यह घटना एक बार फिर बताती है कि तकनीक जितनी सुविधाजनक है, उतनी ही सावधानी भी जरूरी है। Google Maps जैसे नेविगेशन टूल रोजमर्रा की जिंदगी में मददगार हैं, लेकिन महत्वपूर्ण परीक्षाओं और जरूरी कार्यों के दौरान केवल तकनीक पर निर्भर रहना कभी-कभी भारी पड़ सकता है।
Also Read: पुलिस की मनमानी पर HC का एक्शन! 24 घंटे अवैध हिरासत पड़ी भारी, अब सैलरी से वसूले जाएंगे 35 हजार

