गोरखपुर में गृह प्रवेश की पार्टी में 22 साल के युवक की मौत, दो हिरासत में
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गृह प्रवेश समारोह के दौरान हुए विवाद में 22 वर्षीय युवक अजीत मिश्रा की मौत हो गई। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के बिछिया इलाके की है। अजीत मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के कुर्थिया गांव का रहने वाला था। वह अपने माता-पिता के साथ गोरखपुर की सरस्वतीपुरम कॉलोनी, लेन नंबर एक में किराये के मकान में रहता था।
परिवार का आरोप है कि रविवार देर रात समारोह में कुछ युवकों ने अजीत को बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल छोड़कर आरोपी वहां से चले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में छत से गिरने की बात सामने आई है। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कमरे में चल रही थी शराब और खाने की पार्टी
बिछिया के मल्लाह टोला में रहने वाली मकान मालकिन रेनू देवी ने बताया कि उन्होंने अपना एक कमरा आर्यन नाम के युवक को किराये पर दिया था। रविवार रात उस कमरे में चार-पांच युवक मौजूद थे। वहां चिकन बन रहा था और शराब की पार्टी चल रही थी। पुलिस ने कमरे से शराब की चार खाली बोतलें बरामद की हैं।
बताया जा रहा है कि आर्यन के बुलाने पर अजीत भी वहां पहुंचा था। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच खाने-पीने के दौरान किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
परिजनों का आरोप है कि युवकों ने अजीत पर लोहे की रॉड और ईंट से हमला किया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। शाहपुर पुलिस अजीत को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार ने लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप, पुलिस ने बताई दूसरी बात
अजीत के पिता विजय मिश्रा ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की पीट-पीटकर हत्या की गई है। उनका कहना है कि अजीत के सिर और शरीर पर चोट के निशान थे। परिवार के मुताबिक, वह रविवार रात गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने गया था, जहां कुछ युवकों से उसका विवाद हुआ था।
दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि अजीत नशे में था और छत से गिर गया था। पुलिस के मुताबिक, गिरने से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
गोरखनाथ सर्किल के सीओ रवि सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए दो युवकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि पता चल सके कि समारोह में अजीत का किन लोगों से विवाद हुआ था।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था अजीत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अजीत के पिता विजय मिश्रा ने बताया कि वह करीब 35 साल से गोरखपुर में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। अजीत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई अमित कुमार गांव में रहता है, जबकि मंझले भाई हरिओम की करीब तीन साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
अजीत पढ़ाई छोड़ चुका था। कुछ समय से वह शराब की दुकान पर चखना बेचने वाले एक व्यक्ति के साथ काम कर रहा था।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां रेनू का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रविवार रात ही परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए थे। सोमवार सुबह परिजन कॉलोनी के लोगों के साथ शाहपुर थाने पहुंचे। घटना वाले मकान की मालकिन रेनू देवी भी थाने पहुंची थीं।
बड़ा बेटा अमित जब गोरखपुर पहुंचा तो उसे देखकर मां फूट-फूटकर रोने लगी। पहले मंझले बेटे की सड़क हादसे में मौत और अब छोटे बेटे के चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Also Read: राहुल गांधी ने PM मोदी को दी खुली बहस की चुनौती, बोले- विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और बने हुए हैं

