लखनऊ में 101 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह समारोह, 15 जिलों से पहुंचे नवविवाहित जोड़े
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित प्रेम शिवकला लॉन उस वक्त एक अनोखे और भावनात्मक पल का साक्षी बना। जब 15 जिलों से आए 101 जोड़ों ने सामूहिक विवाह समारोह में एक-दूसरे का हाथ थामा। मंडप में गूंजते मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़ें हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह के पवित्र बंधन में बंधे।
समारोह की शुरुआत एक भव्य बारात से हुई। जिसमें सभी दूल्हे पारंपरिक पोशाक में सजे-धजे शामिल हुए। दुल्हनों के लिए मंडप पर अलग-अलग स्थान तय किए गए थे, जहाँ प्रत्येक जोड़े के लिए उनके नाम और नंबर के साथ विशेष व्यवस्था की गई थी।
इस पुनीत आयोजन का नेतृत्व मानव एकता एसोसिएशन और योगी सेना द्वारा किया गया। संगठन के जिलाध्यक्ष अंकित सिंह चौहान ने बताया कि उनकी संस्था बीते 15 वर्षों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सामूहिक विवाह करवा रही है। अब तक 2000 से अधिक जोड़े इस पहल के माध्यम से वैवाहिक जीवन की शुरुआत कर चुके हैं।
कार्यक्रम में ऐसे जोड़ों को विशेष रूप से शामिल किया गया, जिनके माता-पिता या भाई नहीं हैं, और जो आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं। संस्था के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर पात्र बेटियों को चिन्हित करते हैं और उन्हें विवाह समारोह में सम्मिलित किया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग छह महीने की मेहनत लगती है।
परिजनों ने दिया नवदंपतियों को आशीर्वाद
विवाह समारोह में सैकड़ों की संख्या में परिजन, स्थानीय लोग और समाजसेवी शामिल हुए, जिन्होंने नवविवाहित जोड़ों को जीवन की नई शुरुआत पर आशीर्वाद दिया। आयोजन स्थल पर सादगी और भव्यता का सुंदर मेल देखने को मिला, जहां सामाजिक समरसता की एक मिसाल पेश की गई। यह सामूहिक विवाह समारोह न केवल एक सामाजिक पहल है, बल्कि उन अनगिनत बेटियों के सपनों को साकार करने की कोशिश भी, जिनकी शादी आर्थिक तंगी के कारण अधूरी रह जाती है।
Also Read: बाराबंकी में बीज दुकानदार की हत्या पर बवाल, शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

