लखनऊ में जयंत चौधरी का भव्य स्वागत, बीके शुक्ला ने चांदी का मुकुट पहनाकर किया अभिनंदन

Lucknow News: राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री जयंत चौधरी के रविवार को लखनऊ आगमन पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मार्स ऑडिटोरियम में एक भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मेजबानी RLD के वरिष्ठ नेता, शिक्षक प्रतिनिधि एवं पूर्व एमएलसी प्रत्याशी बीके शुक्ला ने की। समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों व समर्थकों ने जयंत चौधरी का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर बीके शुक्ला ने केंद्रीय मंत्री को चांदी का मुकुट, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इससे पूर्व चौधरी चरण सिंह एवं चौधरी अजीत सिंह के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई।

लखनऊ में जयंत चौधरी का भव्य स्वागत

जयंत चौधरी का कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल का मजबूत राजनीतिक आधार पारंपरिक रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रहा है, लेकिन अब पार्टी अवध और पूर्वी उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) में भी संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क को नई गति दे रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ न केवल प्रदेश की राजधानी है, बल्कि अवध और पूर्वांचल से राजनीतिक संवाद का प्रमुख केंद्र भी है। जयंत चौधरी ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सिर्फ चुनाव तक सीमित न रहें, बल्कि किसानों, युवाओं, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कराएं।

जयंत चौधरी ने अनुभवी शिक्षक नेता बीके शुक्ला के RLD से जुड़ने का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के जुड़ने से पार्टी को अवध क्षेत्र में नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। अपने संबोधन में बीके शुक्ला ने RLD की विचारधारा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे लखनऊ और अवध क्षेत्र में किसानों, युवाओं व शिक्षकों के मुद्दों को मजबूती से उठाकर संगठन का विस्तार करेंगे। कार्यक्रम को यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी, प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने भी संबोधित किया।

Also Read: राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने किया अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण, सपा पर बोला तीखा हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.