बरेली में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से कानूनगो की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तराखंड के सितारगंज निवासी और लखीमपुर खीरी जिले में तैनात कानूनगो यशोदा सिंह राणा की सोमवार सुबह बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपनी पत्नी रजनी राणा के साथ कार से लखीमपुर जा रहे थे।
घटना बड़ा बाइपास के नवदिया झादा चौराहे के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और दंपति वाहन के अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर से कार को काटकर दोनों को बाहर निकाला।
दुर्भाग्य से, यशोदा सिंह राणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। हादसे की खबर सुनकर पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा परिजनों के साथ तत्काल बरेली पहुंचे। पूरे परिवार में शोक की लहर है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने यशोदा सिंह राणा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ट्रक चालक मौके से फरार हुआ या पकड़ा गया।
Also Read: चुनाव से पहले सपा ने सेट किया टारगेट, क्या राहुल गांधी की रणनीति पर चलेंगे अखिलेश यादव?

