जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भूस्खलन से ढहा घर, एक ही परिवार के 7 लोगों की दर्दनाक मौत
Poonch Landslide: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। सोमवार को लोरन गांव के ऊपरी इलाके में भूस्खलन की चपेट में आने से एक कच्चा मकान पूरी तरह ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। लगातार बारिश के कारण राहत कार्य में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शनिवार से जारी है बारिश, कई इलाकों में तबाही
पुंछ (Poonch) जिले में शनिवार शाम से लगातार तेज बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन (Landslide) और अचानक आई बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। सड़कें बंद हैं, कई गांवों का संपर्क टूट गया है और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
प्रशासन के मुताबिक, बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में अब तक पुंछ जिले में 17 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत दल उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को छह-छह लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इस सहायता में राज्य आपदा मोचन कोष (SDRF) से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष (CMRF) से अतिरिक्त 2 लाख रुपये शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाई जाए और पुनर्वास कार्य में किसी तरह की देरी न हो। साथ ही बिजली, सड़क और अन्य जरूरी सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
राजौरी-पुंछ में मौतों का आंकड़ा 27 पहुंचा
लोरन गांव का हादसा अकेला नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान राजौरी और पुंछ जिलों में भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की कई घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन के अनुसार, दोनों जिलों में अब तक कुल 27 लोगों की जान जा चुकी है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों, पहाड़ी ढलानों और भूस्खलन संभावित इलाकों में जाने से बचें तथा प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
Also Read: समृद्धि एक्सप्रेसवे पर कार-ट्रक की टक्कर में 5 की मौत

