कितने असद को मारोगे… का रीलबाज चढ़ा पुलिस के हत्थे, कान पकड़कर मांगी माफी

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने वाला एक बेहद आपत्तिजनक वीडियो सामने आया है। रील बनाने और इंटरनेट पर दबंगई दिखाने के चक्कर में एक युवक को कानून से खिलवाड़ करना बहुत भारी पड़ गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने वाले मुख्य आरोपी युवक को चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

वायरल हुए इस वीडियो में युवक सफेद कुर्ता-पायजामा पहने हुए नजर आ रहा था, जिस पर रील के इफेक्ट के तौर पर लाल रंग (नकली खून) के धब्बे लगाए गए थे। वह दोनों हाथों में बड़ी छुरी लहराते हुए रील बना रहा था। वीडियो के बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा था और स्क्रीन पर एक बेहद भड़काऊ कैप्शन लिखा था- कितने असद को मारोगे, हमारे भी हथियार हैं हथियार तैयार। इस वीडियो के ऑडियो और कैप्शन में इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों से धार्मिक भावनाएं आहत होने और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की गंभीर आशंका थी, जिसे देखते हुए पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना ब्रह्मपुरी पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। साइबर सेल और स्थानीय इनपुट की मदद से वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान अमन (उम्र 25 वर्ष, पुत्र अशरफ) के रूप में हुई, जो मेरठ के हरिनगर (अंगूर वाली मस्जिद के पास) का रहने वाला है। मेरठ पुलिस ने आरोपी अमन के खिलाफ थाना ब्रह्मपुरी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 197(1), 299 और 353(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया। सीनियर पुलिस अधीक्षक (SSP) मेरठ के कड़े निर्देशों पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए बीती रात आरोपी अमन को ‘कच्चा दगड़ा भूमिया पुल’ के पास से दबोच लिया। मौके से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

गिरफ्तारी के बाद उतरी दबंगई, रोते हुए मांगी माफी

सोशल मीडिया पर खुद को हथियारों से तैयार बताने वाले अमन की सारी दबंगई पुलिस की कस्टडी में आते ही काफूर हो गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें उसकी हेकड़ी पूरी तरह गायब नजर आ रही है। इस नए वीडियो में आरोपी अमन दोनों कान पकड़कर अपनी करतूत के लिए पुलिस और कानून के सामने रहम की गुहार लगा रहा है। वह उठक-बैठक करते हुए अपने किए पर गहरा पछतावा जता रहा है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है, जहां से उसे जेल भेजा जाएगा। इसी के साथ मेरठ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर कोई भी भड़काऊ या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट न करें, अन्यथा सीधे जेल की हवा खानी पड़ेगी।

Also Read: Lucknow News: इटौंजा थाना क्षेत्र में हत्या का 24 घंटे में खुलासा, मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.