Lucknow News: इटौंजा थाना क्षेत्र में हत्या का 24 घंटे में खुलासा, मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के उत्तरी जोन अंतर्गत थाना इटौंजा क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल प्लास्टिक स्ट्रेप भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, यह हत्या पारिवारिक विवाद और अभियुक्त की बहन के प्रति मृतक की कथित अनुचित हरकतों से क्षुब्ध होकर की गई।
अभियुक्त ने मृतक को बहाने से गांव बुलाया, शराब पिलाई और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
क्या है पूरा मामला
दिनांक 2 जून 2026 को राम शंकर सिंह, निवासी इन्द्रपुरी कॉलोनी, थाना मड़ियांव, लखनऊ ने थाना इटौंजा में तहरीर दी थी कि उनके 22 वर्षीय पुत्र सचिन सिंह को विपक्षी बहाने से घर से बुलाकर ले गया और उसकी हत्या कर दी गई।
तहरीर के आधार पर थाना इटौंजा में मु0अ0सं0 79/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त उत्तरी के निर्देशन में स्वाट/सर्विलांस टीम और थाना इटौंजा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और मुखबिर की सूचना के आधार पर 3 जून 2026 को अभियुक्त को महोना नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ में अभियुक्त बृजेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ ब्रजेश सिंह (26) ने बताया कि मृतक सचिन सिंह उसका रिश्ते में भांजा था और दोनों के बीच पारिवारिक संबंध थे।
अभियुक्त का आरोप है कि सचिन उसकी बहन के प्रति गलत नीयत रखता था, जिसे लेकर वह कई बार समझा चुका था।
इसी रंजिश में अभियुक्त ने 1 जून 2026 को सचिन को गांव अकबरपुर बुलाया, शराब पिलाई और नशे की हालत में प्लास्टिक की स्ट्रेप से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को पास के केले के खेत में फेंक दिया गया।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक अदद प्लास्टिक स्ट्रेप बरामद की गई है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- नाम: बृजेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ ब्रजेश सिंह
- पिता: राजबहादुर सिंह
- निवासी: ग्राम अकबरपुर, थाना इटौंजा, लखनऊ
- उम्र: लगभग 26 वर्ष
आपको बता दें कि यह कार्रवाई स्वाट/सर्विलांस टीम (डीसीपी उत्तरी) और थाना इटौंजा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

