वाराणसी में बालिकाओं के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन कैम्प आयोजित

Varanasi News: बालिकाओं के समग्र स्वास्थ्य और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल के निर्देशन में एचपीवी वैक्सीनेशन कैम्प का आयोजन किया गया।

इस स्वास्थ्य-सुरक्षा अभियान का शुभारंभ राज्यपाल उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया, जिन्होंने स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित रहकर बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया।

स्वस्थ भविष्य की कामना की

कार्यक्रम के दौरान 09 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन का प्रथम डोज प्रदान किया गया। वैक्सीनेशन के बाद राज्यपाल ने बालिकाओं को फल वितरण कर उनके उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की कामना की।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन न केवल सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में प्रभावी है, बल्कि यह बालिकाओं के समग्र स्वास्थ्य के लिए एक सशक्त कदम भी है।

पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे

उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण और जागरूकता अभियान समाज में बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी वाराणसी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण, बालिकाओं के अभिभावक एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

यह आयोजन समाज में बालिकाओं में स्वास्थ्य जागरूकता और समय पर टीकाकरण के महत्व को फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Also Read: शिल्पा शेट्टी-राज कुंद्रा को बॉम्बे HC का बड़ा झटका, विदेश जाने के लिए कोर्ट में जमा करने होंगे 60 करोड़ रुपये

Get real time updates directly on you device, subscribe now.