नेताजी और लोहिया से मैंने बहुत कुछ सीखा: बी. सुदर्शन रेड्डी

Lucknow News: उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए इंडिया अलायंस के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान अखिलेश यादव ने उनका सम्मान किया। रेड्डी ने कहा कि उन्होंने नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और राम मनोहर लोहिया से बहुत कुछ सीखा है।

हिंदी में भाषण देने की कोशिश करता हूँ

बी. सुदर्शन रेड्डी ने अपनी बात रखते हुए कहा, मैंने नेताजी और लोहिया जी से बहुत कुछ सीखा, लेकिन हिंदी में भाषण देना नहीं सीख पाया। दिल में ख्वाहिश है कि हिंदी में भाषण दूँ, पर शायद हो न पाए, फिर भी कोशिश करता रहूँगा। उन्होंने बताया कि जब भी वे यूपी और बिहार जाते हैं, हिंदी में बोलने का प्रयास करते हैं। उन्होंने इंडिया ब्लॉक के सभी दलों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने उन पर भरोसा जताया है और वे एकजुट होकर उनका समर्थन कर रहे हैं।

रेड्डी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और चेन्नई में एमके स्टालिन से हुई मुलाकातों का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा, मुझे पता है कि भारतीय जनता पार्टी के अंदर और बाहर भी सभी दल अपना समर्थन देने के लिए आगे आ रहे हैं। शायद अखिलेश यादव के बिना यह संभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि वे यूपी के सांसदों का समर्थन मांगने आए हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपराष्ट्रपति का पद कोई राजनीतिक पद नहीं है और उनका पूरा जीवन संविधान के प्रति समर्पित रहा है। उन्होंने खुद पर लगे नक्सलवाद से प्रेरित होने के आरोपों का खंडन करते हुए कहा, मैंने ऐसा कोई काम नहीं किया। मैं सिर्फ गंभीरता और एकजुटता के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूँ।

Also Read: लखनऊ-बहराइच हाईवे पर बड़ा हादसा, बस ने श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को मारी टक्कर, 17 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.