शुभमन गिल फिर बने नंबर-1 ODI बल्लेबाज, 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने भी लगाई छलांग

ICC Rankings: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को पुरुष खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी की, जिसमें कई बड़े बदलाव देखने को मिले। भारतीय कप्तान शुभमन गिल एक बार फिर दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज बन गए हैं। गिल के खाते में 801 रेटिंग अंक हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल (794) को पीछे छोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया।

मिचेल इस साल जनवरी से पहले नंबर पर बने हुए थे। वहीं, विराट कोहली 767 अंकों के साथ तीसरे और रोहित शर्मा 758 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं। गेंदबाजों की वनडे रैंकिंग में नामीबिया के स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज पांच स्थान की छलांग लगाकर सातवें नंबर पर पहुंच गए। उन्होंने आईसीसी मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 ट्राई सीरीज में नेपाल और नीदरलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया।

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 230 पायदान की लगाई छलांग

टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत के 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। वह 230 स्थान की लंबी छलांग लगाकर 48वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके 536 रेटिंग अंक हैं। जिम्बाब्वे दौरे पर तीन मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने 50.33 की औसत से सबसे ज्यादा 151 रन बनाए।

तीसरे मुकाबले में 81 रन की पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन के दम पर प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी मिला। वह दोनों अवॉर्ड जीतने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बने।

ईशान नंबर-1, अभिषेक को नुकसान 

भारत के ईशान किशन 910 अंकों के साथ टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर कायम हैं। हालांकि सीरीज के दौरान 916 अंक तक पहुंचने के बाद उनके अंक कुछ कम हुए। पाकिस्तान के साहिबजाद फरहान दूसरे और भारत के अभिषेक शर्मा 819 अंकों के साथ एक स्थान फिसलकर तीसरे नंबर पर आ गए। जिम्बाब्वे सीरीज में केवल 11 रन बनाने का उन्हें नुकसान उठाना पड़ा।

तिलक वर्मा दो स्थान की छलांग लगाकर छठे और कप्तान श्रेयस अय्यर सात स्थान ऊपर चढ़कर 24वें नंबर पर पहुंच गए। वहीं, रवि बिश्नोई 31 स्थान की छलांग लगाकर टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में 41वें स्थान पर पहुंच गए। जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुज़राबानी 10 स्थान ऊपर चढ़कर 26वें नंबर पर पहुंच गए। भारत ने इस सीरीज में जिम्बाब्वे का क्लीन स्वीप किया था।

Also Read: टीम इंडिया से इस्तीफे के 24 घंटे के भीतर मिली नई जॉब, KKR से फिर जुड़े रेयान टेन डोशेट 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.