कानपुर में अगरबत्ती की आड़ में चल रही फर्जी पान मसाला पैकेजिंग यूनिट का भंडाफोड़, सीजीएसटी को सौंपी गई जांच

Kanpur News: औद्योगिक नगरी कानपुर के इस्पात नगर क्षेत्र में गुलाल और अगरबत्ती बनाने के बहाने किराए पर ली गई बिल्डिंग में अवैध रूप से पान मसाला की पैकेजिंग का खेल चल रहा था। वाणिज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (SIB – रेंज-डी) की टीम ने अचानक छापेमारी कर इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया। परिसर की पहली मंजिल पर चल रही इस यूनिट से नामी ब्रांड्स के पैकेजिंग रैपर, भारी मात्रा में कच्चा माल और एक वर्टिकल पाउच पैकिंग मशीन जब्त की गई है। कार्रवाई की भनक लगते ही फैक्ट्री संचालक रितिक अग्रवाल मौके से भागने में सफल रहा।

विभागीय पड़ताल में सामने आया है कि आरोपी ने मकान मालिक से अगरबत्ती व गुलाल निर्माण का झांसा देकर जगह किराए पर ली थी। पूरे मामले में जब्त सामान और मशीनरी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) विभाग के हवाले कर दिया गया है।

वरिष्ठ अफसरों की मौजूदगी में कार्रवाई

यह पूरी छापामार कार्रवाई एडिशनल कमिश्नर सान्या छाबड़ा, कुमार आनंद और ज्वाइंट कमिश्नर सुशील गौतम के दिशा-निर्देशन व नेतृत्व में अंजाम दी गई। जांच में यह तथ्य भी उजागर हुआ है कि फरार संचालक रितिक अग्रवाल के खिलाफ बिधनू थाने में पहले से आपराधिक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां आरोपी की तलाश में जुटी हैं।

बाबूपुरवा में पकड़ी गई 3 करोड़ की नशीली सिरप

उल्लेखनीय है कि कानपुर में अवैध धंधों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। हाल ही में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के एक आवासीय गोदाम पर दबिश देकर कोडीन युक्त कफ सिरप की 25,000 बोतलें बरामद की थीं, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 2.95 करोड़ रुपये है। मामले में बिहार के मधुबनी निवासी मिहिर कुमार ठाकुर को दबोचा गया था, जो फर्जी बिल्टी और दस्तावेजों के जरिए दिल्ली की फर्म से खेप मंगवाकर प्रयागराज और वाराणसी जैसे जिलों में सप्लाई करता था।

Also Read: कंटेनर ने श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर, 4 लोगों की मौत, 20 से अधिक घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.