महोबा में Gen Alpha को पुलिस ने घसीटा और धमकाया, खराब सड़क के लिए प्रदर्शन कर रहे थे बच्चें

Mahoba Gen Alpha Students Protest: उत्तर प्रदेश के महोबा में खराब सड़क की समस्या को लेकर छात्र-छात्राओं का गुस्सा सड़क पर उतर आया। शहर कोतवाली क्षेत्र में रैपुरा गांव के पास दर्जनों छात्र-छात्राओं ने झांसी-मिर्जापुर हाईवे-339 (Jhansi-Mirzapur Highway) पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी गांव की बदहाल लिंक सड़क (Link Road) बनवाने की मांग कर रहे थे।

जाम के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस पर प्रदर्शन कर रहे बच्चों के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगा। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने पहले बच्चों को डराया-धमकाया और बाद में कुछ छात्रों को घसीटकर सड़क किनारे कर दिया। घटना का वीडियो (Viral Video) सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस के रवैये को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

प्रदर्शनकारी छात्रों के मुताबिक, गांव की सड़क की बदहाली को लेकर पहले भी अधिकारियों से शिकायत की गई थी। बताया गया कि बिलरही गांव के छात्रों ने जिला पंचायत अध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर सड़क निर्माण की मांग की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

छात्रों का आरोप है कि मील संचालक से सड़क की समस्या को लेकर शिकायत करने पर उनकी बात सुनने के बजाय कथित तौर पर धमकी दी गई। इसके बाद अधिकारियों से भी शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार छात्रों ने हाईवे पर प्रदर्शन करने का फैसला किया।

बारिश के बीच हाईवे पर बैठे छात्र, पुलिस पर जबरन हटाने का आरोप

छात्र-छात्राओं ने बारिश के बीच हाईवे पर बैठकर सड़क निर्माण की मांग की। जाम के कारण सैकड़ों वाहन फंस गए और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी छात्रों का दावा है कि करीब तीन घंटे तक कोई सक्षम अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया। छात्रों का आरोप है कि शहर कोतवाल और पुलिसकर्मियों ने उन्हें डांटकर जबरन सड़क से हटाया। इस दौरान कुछ छात्रों को घसीटकर सड़क के किनारे किए जाने की बात भी सामने आई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच कहासुनी की स्थिति बनी।

हालांकि, प्रशासन ने जाम की अवधि को लेकर अलग जानकारी दी है। तहसीलदार महोबा अभिषेक मिश्रा (Tehsildar Mahoba) ने बताया कि छात्र-छात्राओं ने लिंक सड़क निर्माण की मांग को लेकर झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर जाम लगाया था। उनके मुताबिक, हाईवे पर जाम करीब 30 मिनट तक रहा, जिसे पुलिस ने खुलवा दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों की शिकायत सक्षम अधिकारी तक पहुंचाई जाएगी।

Also Read: Gen-Alpha के प्रदर्शन से योगी सरकार अलर्ट, स्कूलों की 14 बिंदुओं पर होगी जांच, सभी DM को आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.