Mahoba News: ई-स्कूटी एजेंसी में आग लगने से 12 स्कूटियां जलीं, 15 लाख का नुकसान
Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद अंतर्गत चरखारी बायपास स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने कबीर एंटरप्राइजेज इलेक्ट्रिक स्कूटी एजेंसी में देर रात करीब 2:30 बजे भीषण आग लग गई। प्राथमिक जांच में आग का कारण इन्वर्टर के पास हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सुबह करीब 4 बजे पास में लाइब्रेरी चलाने वाले एक व्यक्ति ने दुकान से धुंआ और चिंगारियां उठती देख संचालक साहिल मंसूरी को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
इस भीषण अग्निकांड में शोरूम में रखी 12 नई इलेक्ट्रिक स्कूटियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि 8 अन्य गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा एजेंसी की फॉल्स सीलिंग, एसी और कीमती फर्नीचर भी जलकर नष्ट हो गया है। पीड़ित एजेंसी संचालक साहिल मंसूरी ने इस हादसे में लगभग 12 से 15 लाख रुपये के भारी आर्थिक नुकसान का अनुमान जताया है।
हादसे के दौरान बिजली विभाग के गैर-जिम्मेदाराना रवैये से नुकसान और बढ़ गया। पीड़ित और पुलिस ने आधे घंटे तक पावर हाउस को फोन कर बिजली सप्लाई बंद कराने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। आखिरकार पीड़ित को खुद पावर हाउस पहुंचकर दीवार कूदकर अंदर दाखिल होना पड़ा और सो रहे कर्मचारियों को जगाकर बिजली सप्लाई बंद करानी पड़ी। पीड़ित ने समय से सप्लाई बंद न होने को भारी नुकसान की मुख्य वजह बताया है।
बिजली कटने के बाद ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम पानी का प्रेशर चालू कर आग पर काबू पा सकी। पीड़ित संचालक साहिल मंसूरी ने स्थानीय प्रशासन से इस भारी आर्थिक नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की है। साथ ही इमरजेंसी में फोन न उठाने वाले लापरवाह बिजली विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
Also Read: ऋषभ पंत ने आधी रात CM धामी से मांगी मदद, उत्तराखंड में घर बनाने के लिए 3 साल से तलाश रहे जमीन

