Siddharthnagar News: बकरीद को लेकर डीएम और एसपी ने पुलिस बल के साथ सड़कों पर किया पैदल मार्च
Siddharthnagar News: आगामी त्योहार ईद-उल-जुहा (बकरीद) को जिले में शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आ रहा है। त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन खुद सड़कों पर उतरे। दोनों आला अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ सिद्धार्थनगर कस्बे के संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
इस पैदल मार्च के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान और स्थानीय थाना प्रभारी समेत भारी तादाद में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों के इस दल ने कस्बे के मुख्य बाजारों, चौराहों और भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों से शांति की अपील
सड़क पर गश्त के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने स्थानीय व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों और आम लोगों से बातचीत की। उन्होंने सभी से आगामी बकरीद के पर्व को शांति, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी और इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

अफवाहों पर न दें ध्यान, संदिग्धों की सूचना तुरंत दें: डीएम
वहीं, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान जिले में अमन-चैन कायम रखना प्रशासन की सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी तरह की अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें। यदि आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आए, तो इसकी जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, त्योहार के संपन्न होने तक जनपद के सभी संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखी जाएगी और पुलिस की गश्त लगातार जारी रहेगी।
रिपोर्ट- जाकिर खान

