यूपी में गर्मी और त्योहारों को देखते हुए डॉक्टरों की छुट्टियों पर रोक
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और आने वाले त्योहारों को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने साफ कहा है कि अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिले, इसके लिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। केवल ज़रूरी कारण होने पर ही छुट्टी दी जाएगी।
मरीजों को इलाज में न हो कोई दिक्कत
डिप्टी सीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। अस्पतालों को कहा गया है कि इमरजेंसी सेवाओं को और बेहतर किया जाए और डॉक्टरों की विशेष टीमें तैयार की जाएं, जो किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार रहें।
एम्बुलेंस, दवाइयां और सुविधाएं रहें पूरी तरह तैयार
ब्रजेश पाठक ने ये भी कहा कि 102, 108 और एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस हमेशा एक्टिव रहें ताकि ज़रूरत पड़ने पर मरीजों को फौरन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा सके। गर्मी से जुड़ी बीमारियों की दवाएं जैसे ORS, बुखार, डिहाइड्रेशन की दवाएं, और साथ ही सांप और कुत्ते के काटने की जरूरी वैक्सीन (एंटी स्नैक वेनम और एंटी रैबीज) भी अस्पतालों में भरपूर मात्रा में उपलब्ध होनी चाहिए।
Also Read: लखनऊ में महिला पुनर्वास केंद्र का उद्घाटन, मंत्री नरेंद्र कश्यप बोले- सरकार है पूरी तरह प्रतिबद्ध

