इंडिया ए ने अफगानिस्तान ए को 101 रन से हराया, तिलक-निशांत का दमदार प्रदर्शन
India A vs Afghanistan A: श्रीलंका के दांबुला में खेले गए ट्राई नेशन वनडे सीरीज के अहम मुकाबले में इंडिया ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान ए को 101 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 319 रन बनाए।
इसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम 36.5 ओवर में सिर्फ 218 रन पर ऑलआउट हो गई और 320 रनों का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। इस जीत के साथ इंडिया ए ने फाइनल की ओर एक मजबूत कदम बढ़ा दिया है।
भारत की बल्लेबाजी में तीन अर्धशतक
भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या ने तेज शुरुआत दी। वैभव 38 रन बनाकर आउट हुए, जबकि प्रियांश ने 58 रनों की शानदार पारी खेली। ऋतुराज गायकवाड़ 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
कुमार कुशाग्र और कप्तान तिलक वर्मा ने अर्धशतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। तिलक वर्मा ने 59 रनों की अहम पारी खेली। विप्रज निगम ने तेज 30 रन बनाकर टीम को 300 के पार पहुंचाया। इस तरह इंडिया ए ने 319 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
ढही अफगानिस्तान की पारी
320 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पूरी टीम 218 रन पर सिमट गई। बहिर शाह ने 57 और फैसल निशोजादा ने 46 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके।
भारत की ओर से निशांत सिंधु ने 4 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि यश ठाकुर ने 2 विकेट लिए। अन्य गेंदबाजों ने भी अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ इंडिया ए ने टूर्नामेंट में वापसी की और फाइनल की उम्मीदें मजबूत कर ली हैं।

