‘रील नहीं, ड्यूटी पर फोकस करें’, रीलबाज कर्मचारी और पुलिसवालों को CM Yogi की दो टूक नसीहत

Lucknow News: सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता क्रेज अब सरकारी दफ्तरों और पुलिस विभाग तक पहुंच चुका है। इसी प्रवृत्ति पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने सख्त टिप्पणी की है। उन्होंने ड्यूटी के दौरान रील बनाने को अनुशासनहीनता बताते हुए सरकारी कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने की नसीहत दी।

CM Yogi ने बुधवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में नवनियुक्त 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में कार्यरत लोगों का ध्यान अपने दायित्वों पर होना चाहिए, न कि सोशल मीडिया के लिए रील बनाने पर।

‘रील नहीं, ड्यूटी पर फोकस करें’: CM Yogi

मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर देखने को मिलता है कि कुछ लोग ड्यूटी के दौरान भी रील बनाने में व्यस्त रहते हैं। यह अनुशासनहीनता का हिस्सा है और इससे कार्य संस्कृति प्रभावित होती है।

उन्होंने कहा, “जिस समय हमें अपने दायित्वों के प्रति सजग रहना चाहिए, उस समय रील बनाना उचित नहीं है। अपने काम के प्रति गंभीरता और जिम्मेदारी ही बेहतर परिणाम देती है।”

योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि सरकारी कर्मचारियों को ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जिससे वे अनावश्यक रूप से हंसी का पात्र बनें। इससे न केवल व्यक्ति की छवि प्रभावित होती है, बल्कि पूरे सिस्टम पर सवाल उठने लगते हैं।

‘सिस्टम पर उंगली उठाने का मौका न दें’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग खुद कोई सकारात्मक कार्य नहीं कर पाते, इसलिए वे व्यवस्था पर सवाल उठाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे अपने आचरण और कार्यशैली से किसी को भी सिस्टम पर उंगली उठाने का अवसर न दें।

उन्होंने कहा कि जहां जिसकी ड्यूटी है, यदि वह पूरी ईमानदारी और समर्पण से अपना काम करेगा तो परिणाम स्वतः सामने आएंगे। बेहतर प्रशासन और सुशासन के लिए टीम भावना के साथ काम करना जरूरी है।

कानून व्यवस्था का भी किया जिक्र

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान अक्सर दंगे और उपद्रव की घटनाएं होती थीं।

उन्होंने मुरादाबाद की एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब डीआईजी स्तर के अधिकारी पर भी भीड़ ने हमला कर दिया था। लेकिन आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और प्रशासनिक व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।

CM Yogi ने कहा कि अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा किसी भी व्यवस्था को मजबूत बनाने की सबसे बड़ी शर्त हैं और सरकारी कर्मचारियों को इसे हमेशा ध्यान में रखना चाहिए।

Also Read: चढ़ावा विवाद पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का पलटवार, बोले- बाबरी चंदे का हिसाब दो

Get real time updates directly on you device, subscribe now.