भारत बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, जापान को छोड़ा पीछे

नई दिल्ली: भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का मुकाम हासिल कर लिया है। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने जानकारी दी कि भारत अब तीसरे स्थान पर मौजूद जर्मनी को भी आने वाले ढाई से तीन वर्षों में पछाड़ सकता है।

नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल मीटिंग के दौरान उन्होंने कहा, “जैसा कि मैं आपसे बात कर रहा हूँ, भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। हम 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था हैं, और यह कोई अनुमान नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के आंकड़े हैं। आज भारत जापान से आगे निकल चुका है।

उन्होंने यह भी कहा, अब केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी ही भारत से बड़ी अर्थव्यवस्थाएँ हैं। यदि हम अपने मौजूदा विकास पथ पर कायम रहते हैं, तो अगले 2 से 3 वर्षों में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। IMF ने इस महीने की शुरुआत में जारी वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट में कहा था कि 2025 में भारत जापान को पीछे छोड़ते हुए 4.18 ट्रिलियन डॉलर की नाममात्र GDP के साथ चौथे स्थान पर पहुंच जाएगा, जबकि जापान की GDP 4.186 ट्रिलियन डॉलर अनुमानित है।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत न केवल दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है, बल्कि अगले दो वर्षों में 6% से अधिक की विकास दर हासिल करने वाला अकेला देश भी रहेगा। IMF के अनुमान के अनुसार, 2028 तक भारत की GDP 5.58 ट्रिलियन डॉलर तक पहुँच सकती है, जिससे वह जर्मनी को पीछे छोड़ते हुए तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। वहीं जर्मनी की अर्थव्यवस्था को वैश्विक व्यापार युद्ध की वजह से सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ सकता है, जिसके चलते उसकी विकास दर 2025 में शून्य और 2026 में महज 0.9% रहने का अनुमान है। उस समय तक जर्मनी की GDP 5.25 ट्रिलियन डॉलर रह सकती है।

जापान की स्थिति भी कुछ बेहतर नहीं होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, उसकी विकास दर 2025 और 2026 में सिर्फ 0.6% रहने की संभावना है, जिससे उसका आर्थिक विस्तार लगभग ठहर जाएगा। वहीं अमेरिका, जो दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, उसकी GDP 2025 तक 30.5 ट्रिलियन डॉलर होने का अनुमान है, जबकि चीन की अर्थव्यवस्था 19.23 ट्रिलियन डॉलर तक पहुँचने की संभावना है।

IMF ने यह भी कहा है कि अमेरिका की GDP वृद्धि दर 2025 में 1.8% और 2026 में घटकर 1.7% हो सकती है, जबकि यूरो क्षेत्र की वृद्धि दर 2025 में 0.8% और 2026 में 1.2% रहने की उम्मीद है। यूरोप में फ्रांस की स्थिति भी कुछ धीमी रहने की संभावना है, जिसकी विकास दर 2025 में 0.6% और 2026 में 1% अनुमानित है। स्पेन 2025 में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन करते हुए 2.5% की दर से बढ़ सकता है, हालांकि 2026 में यह घटकर 1.8% रह सकती है। वहीं ब्रिटेन की GDP वृद्धि दर 2025 और 2026 में क्रमशः 1.1% और 1.4% अनुमानित है।

Also Read: Delhi Rains: दिल्ली में तेज बारिश और आंधी ने मचाई तबाही, सड़कें बनीं तालाब, उड़ानों पर भी पड़ा असर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.