भारत-यूएई के बीच हुए कई समझौते, डिफेंस से लेकर शिप रिपेयरिंग तक 5 अरब डॉलर का होगा निवेश
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयुक्त अरब अमीरात (UAE) यात्रा के दौरान शुक्रवार को दोनों देशों के बीच रिश्तों का एक नया अध्याय शुरू हुआ। द्विपक्षीय वार्ता के दौरान रक्षा रणनीतिक साझेदारी, एलपीजी आपूर्ति और पेट्रोलियम रिजर्व जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कई बड़े करार हुए। इसमें सबसे प्रमुख भारत के बैंकिंग और इन्फ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में 5 अरब डॉलर (लगभग 42,000 करोड़ रुपये) के निवेश का फैसला है। इसके साथ ही गुजरात के वाडिनार में एक अत्याधुनिक शिप रिपेयरिंग क्लस्टर बनाने पर भी सहमति बनी है।
पीएम मोदी बोले- हर हाल में यूएई के साथ खड़ा है भारत
अबू धाबी में राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (MBZ) के साथ बैठक में पीएम मोदी ने वैश्विक स्थिरता पर जोर देते हुए कहा कि भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है। पश्चिम एशिया के मौजूदा तनाव के बीच पीएम ने होर्मुज स्ट्रेट को अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत स्वतंत्र और खुला रखने की अनिवार्यता बताई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संवाद और कूटनीति ही संघर्ष सुलझाने का एकमात्र रास्ता है। गौरतलब है कि पीएम मोदी 15 से 20 मई तक पांच देशों (यूएई, नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली) की यात्रा पर हैं, जिसका उद्देश्य ऊर्जा और ग्रीन ट्रांजिशन जैसे क्षेत्रों में भारत की पकड़ मजबूत करना है।
Also Read: एमपी हाई कोर्ट ने माना भोजशाला मूल रूप से मंदिर, मुस्लिम पक्ष का दावा खारिज

