एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला निशानेबाजों ने जीता सिल्वर, राष्ट्रपति मुर्मु समेत दिग्गज नेताओं ने दी बधाई

Sandesh Wahak Digital Desk: जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अपने मेडल अभियान की बेहद शानदार शुरुआत की है। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारतीय निशानेबाजों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल (रजत पदक) अपने नाम किया। टीम इवेंट में सोनम उत्तम मस्कर, इलावेनिल वलारिवन और विदर्शा के विनोद की तिकड़ी ने अपनी सटीक निशानेबाजी के दम पर भारत के लिए पहला पदक पक्का किया। इस ऐतिहासिक सफलता पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, गृह मंत्री अमित शाह समेत देश के कई दिग्गजों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताई खुशी

भारतीय निशानेबाजों की इस बड़ी कामयाबी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने खुशी जाहिर की। उन्होंने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (ट्विटर) हैंडल पर लिखा, एशियाई खेल 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर एलावेनिल वलारिवन, विदर्शा के विनोद और सोनम उत्तम मस्कर को बहुत-बहुत बधाई। आपकी इस शानदार उपलब्धि ने इन खेलों में भारत के लिए मेडल का खाता खोला है और पूरे देश का मान बढ़ाया है। आपकी निरंतर सफलता के लिए मेरी ओर से ढेरों शुभकामनाएं।

गृह मंत्री और खेल मंत्री ने प्रदर्शन को सराहा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि भारत ने एशियाई खेलों में सिल्वर मेडल जीतकर अपने मेडल का शानदार आगाज किया है। उन्होंने इलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और विदर्शा के विनोद को बधाई देते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लिखा, एशियन गेम्स 2026 में भारत का पहला मेडल! महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सिल्वर जीतने पर हमारी चैंपियंस और पूरी भारतीय टीम को आगे के मुकाबलों में और भी बड़ी सफलता की शुभकामनाएं।

दिग्गज नेताओं ने की उज्ज्वल भविष्य की कामना

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने लिखा, टीम इंडिया के मेडल अभियान की यह एक शानदार शुरुआत है। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में रजत पदक जीतने वाली हमारी तिकड़ी को बहुत-बहुत बधाई। हमारे चैंपियंस और पूरी टीम को भविष्य के इवेंट्स के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।

सीएम योगी ने व्यक्तिगत स्पर्धा की सफलता पर भी दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी भारतीय एथलीटों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, एशियन गेम्स 2026 में भारत का खाता महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में दो सिल्वर मेडल के साथ खुला है! टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने के बाद, व्यक्तिगत स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतने पर एलावेनिल वलारिवन को विशेष बधाई। इस उपलब्धि ने देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है और भारत को गेम्स में एक मजबूत बढ़त दिलाई है।

Also Read: यूक्रेन के मठ पर घातक हमला, धर्मगुरु की मौत, जेलेंस्की बोले- शांति के लिए रूस पर कड़े प्रतिबंध जरूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.