सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान, RNA मिथाइलट्रांसफरेज़ की संरचना और कार्यविधि पर हुई चर्चा

Siddharthnagar News: उतर प्रदेश के सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु सिद्धार्थनगर के प्राणी विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान श्रृंखला के तहत प्रथम आमंत्रित व्याख्यान का सफल आयोजन हाइब्रिड मोड में हुआ। कार्यक्रम में अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट सैन एंटोनियो हेल्थ साइंस सेंटर एवं ग्रीहे चिल्ड्रन्स कैंसर रिसर्च इंस्टीट्यूट के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. योगेश के. गुप्ता ने आभासी माध्यम से मुख्य वक्ता के रूप में व्याख्यान दिया।

‘मानव एवं विषाणुजनित RNA मिथाइलट्रांसफरेज़ की संरचना एवं कार्यविधि’ विषय पर व्याख्यान देते हुए डॉ. गुप्ता ने मानव एवं वायरल RNA मिथाइलट्रांसफरेज़ की संरचना, कार्यप्रणाली और जैविक महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि RNA संशोधन की प्रक्रियाएं कोशिकीय कार्यों के नियमन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वायरस इन तंत्रों का उपयोग संक्रमण फैलाने और प्रतिरक्षा प्रणाली से बचाव के लिए भी करते हैं।

डॉ. गुप्ता ने नवीन संरचनात्मक जीवविज्ञान तकनीकों और आणविक स्तर पर किए गए अध्ययनों से प्राप्त महत्वपूर्ण निष्कर्ष भी साझा किए। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में शोध से रोगों को समझने तथा नई औषधियों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण संभावनाएं हैं।

सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान, RNA मिथाइलट्रांसफरेज़ की संरचना और कार्यविधि पर हुई चर्चा

शोधार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधानों से परिचित कराने का बेहतर माध्यम

इस अवसर पर विज्ञान संकाय की अधिष्ठाता प्रो. प्रकृति राय ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को वैश्विक स्तर पर हो रहे वैज्ञानिक अनुसंधानों से परिचित कराने का बेहतर माध्यम हैं।

प्राणी विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव ने विषय प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कहा कि व्याख्यान श्रृंखला का उद्देश्य विद्यार्थियों और शोधार्थियों को वैश्विक शोध प्रवृत्तियों से जोड़ना तथा अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों से उनके संपर्क को बढ़ाना है। उन्होंने इसे ‘विश्व को सिद्धार्थ विश्वविद्यालय तक लाने’ की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम के सह संयोजक डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए उनके वैज्ञानिक योगदानों का परिचय कराया। सह-संयोजिका डॉ. विनीता रावत ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान डॉ. कपिल गुप्ता, डॉ. मनीषा बाजपेयी सहित अन्य शिक्षक, विद्यार्थी एवं शोधार्थी मौजूद रहे।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: हर घर तिरंगा अभियान: झंडा संहिता और ध्वजारोहण के नियमों पर हुआ सेमिनार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.