Siddharthnagar News: विभाजन की विभीषिका को याद कर निकाली मौन पदयात्रा, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
Siddharthnagar News: उतर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में देश के विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले और विस्थापन का दंश झेलने वाले लाखों निर्दोष लोगों की स्मृति में गुरुवार को जिला मुख्यालय पर ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया गया।
इस अवसर पर आयोजित मौन पदयात्रा में सांसद जगदंबिका पाल, विधायक राजा जय प्रताप सिंह, सदर विधायक श्यामधनी राही, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।

विभाजन में विस्थापित परिवारों के त्याग को किया गया याद
मौन पदयात्रा के दौरान विभाजन की त्रासदी में प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में विभाजन के दौरान विस्थापित हुए परिवारों की पीड़ा, संघर्ष और त्याग को याद किया गया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सांसद जगदंबिका पाल और विधायक राजा जय प्रताप सिंह ने कहा कि 14 अगस्त 1947 भारतीय इतिहास का बेहद दर्दनाक अध्याय है। विभाजन के कारण लाखों परिवार अपने घर, जमीन और जड़ों से बिछड़ गए। हिंसा और विस्थापन के दौर में अनगिनत लोगों ने असहनीय पीड़ा झेली।

परिवारों के संघर्ष को नहीं भुलाया जा सकता
सदर विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें उस त्रासदी को याद करने के साथ-साथ आपसी प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। विस्थापित परिवारों के संघर्ष और त्याग को देश कभी नहीं भूल सकता।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य प्रज्ञा त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अंत में नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव ने विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले सभी निर्दोष नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
रिपोर्ट- जाकिर खान

