ANTF को मिली बड़ी सफलता, 55 लाख की चरस के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
Barabanki News: उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) थाना बाराबंकी और गोण्डा पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने रेलवे गेस्ट हाउस के पास से एक सक्रिय चरस तस्कर को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्त के पास से 10.936 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 55 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान गिर्जेश कुमार वर्मा (पुत्र राघव राम वर्मा), निवासी ग्राम बिसवां गनेश, थाना कोतवाली देहात (जनपद गोण्डा) के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्कर के पास से 55 लाख रुपये कीमत की चरस के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई ईयॉन (EON) कार और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। इस संबंध में थाना कोतवाली नगर, गोण्डा में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह बिहार के खजुरिहा नामक स्थान से सस्ते दामों में चरस खरीदकर लाता था और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ऊंचे दामों पर बेचता था। आरोपी ने बताया कि वह पिछले काफी समय से 2000 रुपये रोजाना के किराए पर कार लेकर तस्करी के खेल को अंजाम दे रहा था। घटना के वक्त भी वह एक ग्राहक को चरस की डिलीवरी देने आया था। पुलिस अब उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड नेटवर्क को खंगालकर गैंग के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट- राजा शेख
Also Read: झांसी में श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा, सुखनई नदी में डूबे एक परिवार के 5 लोग

