झांसी में श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा, सुखनई नदी में डूबे एक परिवार के 5 लोग

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी में मंगलवार को पितरों के पूजन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर कस्बे में सुखनई नदी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। करीब आधे घंटे चले रेस्क्यू के बाद गोताखोरों ने सभी के शव नदी से बाहर निकाले।

जानकारी के मुताबिक देवरी सिंहपुरा गांव निवासी 48 वर्षीय अनूप तिवारी अपने 12 वर्षीय बेटे अर्पित तिवारी, 26 वर्षीय भतीजे अभिनय तिवारी, 21 वर्षीय श्रेयांश तिवारी और जालौन निवासी 23 वर्षीय पुष्कर शुक्ला के साथ श्राद्ध कर्म के लिए नदी किनारे पहुंचे थे।

झांसी में श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा, सुखनई नदी में डूबे एक परिवार के 5 लोग

अनूप को बचाने नदी में उतरे परिजन

सभी पूर्वजों को जल अर्पित कर रहे थे। इसी दौरान अनूप तिवारी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए बेटा, भतीजे और अन्य परिजन नदी में उतर गए। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में सभी गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

हादसे की सूचना पर एसडीएम मऊरानीपुर मनोज कुमार भारती, सीओ रत्नेश कुमार, कोतवाली प्रभारी मुकेश सोलंकी और रानीपुर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव

एसडीएम मनोज कुमार भारती ने बताया कि पांचों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अनूप तिवारी को बचाने के प्रयास में बाकी लोग भी डूबे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा है।

Also Read: गोरखपुर में जनता दर्शन, CM योगी की अफसरों को दो टूक, लापरवाही पर होगा एक्शन 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.