IPL 2009 FEMA Case: ललित मोदी को बड़ी राहत, ट्रिब्यूनल ने रद्द किया 10.65 करोड़ का जुर्माना, जश्न में किया डांस
Sports News: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2009 से जुड़े विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) मामले में पूर्व आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी को बड़ी कानूनी राहत मिली है।
SAFEMA ट्रिब्यूनल ने 16 जुलाई को सुनाए अपने फैसले में ललित मोदी पर लगाया गया 10.65 करोड़ रुपये का जुर्माना रद्द कर दिया।
यह मामला वर्ष 2009 में लोकसभा चुनावों के दौरान आईपीएल के दूसरे सीजन को भारत से दक्षिण अफ्रीका स्थानांतरित किए जाने से जुड़ा था।
ट्रिब्यूनल ने इस मामले में BCCI और उसके तत्कालीन अधिकारियों एन. श्रीनिवासन तथा एम.पी. पांडोव को भी आंशिक राहत प्रदान की है।
ट्रिब्यूनल ने अपने फैसले में कहा कि आईपीएल 2009 को दक्षिण अफ्रीका में सफलतापूर्वक आयोजित कराने में ललित मोदी की अहम भूमिका थी।
साथ ही यह भी माना कि उन पर लगाया गया जुर्माना उचित आधार पर नहीं था। आदेश में कहा गया कि उनके खिलाफ कार्रवाई करते समय उनकी वास्तविक भूमिका और अधिकारों का सही आकलन नहीं किया गया।
फैसले के बाद मनाया जश्न
फैसले के बाद ललित मोदी ने अपनी खुशी खुलकर जाहिर की। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में वह डांस करते नजर आए। उन्होंने इसे 16 वर्षों की कानूनी लड़ाई के बाद मिली बड़ी जीत बताया।
ललित मोदी ने क्या कहा?
ललित मोदी ने कहा कि ट्रिब्यूनल ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मामले की मूल आधारशिला को ही खारिज कर दिया है।
उनके अनुसार ट्रिब्यूनल ने माना कि आईपीएल 2009 से जुड़े लेन-देन करंट अकाउंट विदेशी रेमिटेंस के तहत हुए थे, न कि कैपिटल अकाउंट ट्रांजेक्शन के रूप में।
उन्होंने यह भी कहा कि वह BCCI की FEMA अनुपालन प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार नहीं थे और उनके पास वे वित्तीय अधिकार भी नहीं थे, जिनके आधार पर आरोप लगाए गए थे।
‘आईपीएल बचाने के लिए लिया था फैसला’
ललित मोदी ने कहा कि 2009 में लोकसभा चुनावों के कारण भारत में आईपीएल का आयोजन संभव नहीं था।
ऐसे में दक्षिण अफ्रीका में टूर्नामेंट कराने का निर्णय लिया गया, जिससे न केवल आईपीएल बचा बल्कि वह दुनिया के सबसे सफल खेल आयोजनों में शामिल हो गया।
BCCI और अधिकारियों को भी मिली राहत
ट्रिब्यूनल ने अपने आदेश में BCCI और उसके पूर्व अधिकारियों पर लगाए गए जुर्मानों में भी राहत दी है।
- ललित मोदी पर लगा 10.65 करोड़ रुपये का जुर्माना पूरी तरह रद्द।
- एन. श्रीनिवासन पर लगा 1 करोड़ रुपये का जुर्माना घटाकर 10 लाख रुपये किया गया।
- एम.पी. पांडोव पर लगा 50 लाख रुपये का जुर्माना घटाकर 5 लाख रुपये कर दिया गया।
- BCCI पर लगाया गया 4 करोड़ रुपये का जुर्माना घटाकर 1 करोड़ रुपये कर दिया गया।
हालांकि, ट्रिब्यूनल ने एक अन्य FEMA मामले में एन. श्रीनिवासन और एम.पी. पांडोव पर लगाए गए 50-50 लाख रुपये के जुर्माने को बरकरार रखा।
आदेश में कहा गया कि उस मामले में दोनों अधिकारी संगठन के प्रमुख पदों पर थे, इसलिए उनकी जवाबदेही बनती है।
Also Read: दुष्कर्म मामले में अभिषेक पोरेल की बढ़ीं मुश्किलें, हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी के दिए निर्देश

