GT vs RR Qualifier-2: गिल-सुदर्शन की आंधी में उड़ी राजस्थान की उम्मीदें, गुजरात ने फाइनल का कटाया टिकट
Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली।
कप्तान शुभमन गिल की शतकीय पारी इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण रही, जिसकी बदौलत गुजरात ने लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया।
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। जवाब में गुजरात टाइटंस ने महज 18.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 219 रन बनाते हुए एकतरफा जीत दर्ज की।
गिल का शतक, सुदर्शन का दमदार साथ
लक्ष्य का पीछा करते हुए शुभमन गिल और साई सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी ने राजस्थान के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 77 गेंदों में 167 रनों की विशाल साझेदारी की।
गिल ने 53 गेंदों पर 15 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 104 रन बनाए, जबकि सुदर्शन ने 32 गेंदों में 8 चौके और 1 छक्का लगाकर 58 रन की तेज पारी खेली। सुदर्शन एक बार फिर हिट विकेट होकर पवेलियन लौटे।
वैभव सूर्यवंशी की पारी गई बेकार

राजस्थान की ओर से कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। टीम के 15 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 96 रन बनाए। उनके अलावा रवींद्र जडेजा ने 45 रन का योगदान दिया।
हालांकि, अन्य बल्लेबाज फ्लॉप रहे। यशस्वी जायसवाल (1), ध्रुव जुरेल (7), रियान पराग (11), दासुन शनाका (3) और जोफ्रा आर्चर (7) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। अंत में डेनोवन फरेरा ने 11 गेंदों में 38 रन की नाबाद पारी खेलकर स्कोर को 214 तक पहुंचाया।
फाइनल में RCB से भिड़ेगी GT
गुजरात की जीत के बाद निचले क्रम में जोस बटलर, वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने औपचारिकताएं पूरी कीं।
अब गुजरात टाइटंस फाइनल में पहुंच चुकी है, जहां उसका मुकाबला 31 मई (रविवार) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से खिताबी मुकाबले में होगा।

