इजरायल का बड़ा दावा, होर्मुज की घेराबंदी करने वाला ईरानी कमांडर हमले में ढेर
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य-पूर्वी एशिया में छिड़ी जंग अब एक बेहद घातक मोड़ पर पहुँच गई है। इजरायल के सैन्य अधिकारियों ने दावा किया है कि ईरान की ताकतवर रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) नेवी के चीफ अलीरेजा तंगसिरी (Alireza Tangsiri) मारे गए हैं। इजरायल के मुताबिक, यह बड़ी कामयाबी ‘बंदर अब्बास’ (Bandar Abbas) पर की गई एक सटीक एयर स्ट्राइक में मिली है।
अलीरेजा तंगसिरी साल 2018 से ईरान की नौसेना की कमान संभाल रहे थे। उन्हें दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) की नाकेबंदी करने का मुख्य मास्टरमाइंड माना जाता था। हाल के हफ्तों में उन्होंने खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को उड़ाने की धमकी दी थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर जंग बढ़ी, तो वे होर्मुज का रास्ता पूरी तरह बंद कर देंगे, जिससे दुनिया भर में तेल की सप्लाई ठप हो जाए।
क्यों खास है होर्मुज स्ट्रेट और क्यों डरी है दुनिया
होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान और ओमान-यूएई के बीच स्थित एक संकरा समुद्री रास्ता है। इसे दुनिया की ‘तेल की नस’ कहा जाता है क्योंकि दुनिया का लगभग 20% कच्चा तेल (Crude Oil) और LNG इसी रास्ते से गुजरता है। ईरान की नेवी ने हाल ही में यहाँ से गुजरने वाले जहाजों को रोकना शुरू कर दिया था। अगर यह रास्ता बंद होता है, तो भारत, चीन और जापान जैसे देशों के लिए ऊर्जा का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा और पेट्रोल-डीजल के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच सकते हैं।
ईरान की चुप्पी बरकरार
हालाँकि इजरायल ने तंगसिरी की मौत का दावा कर दिया है, लेकिन ईरान की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अगर यह खबर सच साबित होती है, तो इसे ईरान के लिए एक बहुत बड़ा झटका माना जाएगा, जो युद्ध की आग को और भड़का सकता है। इस घटना के बाद वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में और ज्यादा उछाल आने की आशंका जताई जा रही है।
Also Read: मिडिल ईस्ट संकट का असर! निजी कंपनियों ने बदली रेट लिस्ट, पेट्रोल-डीजल हुआ इतना महंगा

