Vande Bharat: जम्मू-श्रीनगर के यात्रियों को बड़ी सौगात, तीसरी ट्रेन को मिली मंजूरी

Vande Bharat: जम्मू-कश्मीर जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच अब तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई ट्रेन को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर के रास्ते चलेगी और यहां इसका ठहराव भी होगा। ट्रेन के नंबर 26407/26408 होंगे।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उधमपुर के स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए रेल मंत्रालय ने जम्मू और श्रीनगर के बीच शुरू होने वाली नई वंदे भारत में उधमपुर को स्टॉपेज देने पर सहमति जताई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।

बेंगलुरु-मंगलुरु रूट पर भी ट्रायल

इधर, दक्षिण पश्चिम रेलवे बेंगलुरु और मंगलुरु के बीच वंदे भारत चलाने की संभावनाएं तलाश रहा है। मैसुरु मंडल ने इस रूट के कठिन सकलेशपुर-सुब्रहमण्य रोड घाट खंड में वंदे भारत का परीक्षण शुरू किया है।

चेन्नई के इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में तैयार 20 डिब्बों वाली ट्रेन पिछले सप्ताह मैसुरु पहुंची थी। स्थिर परीक्षण के बाद इसे सकलेशपुर भेजा गया। मैसुरु मंडल के रेल प्रबंधक मुदित मित्तल ने बताया कि परीक्षण में RDSO के कर्मचारी तकनीकी और परिचालन मानकों की जांच कर रहे हैं।

घाट सेक्शन में सुरक्षा की जांच

सकलेशपुर-सुब्रहमण्य रोड के बीच खड़ी ढलान, तीखे मोड़, सुरंग और पुल हैं। इसलिए यहां ट्रेन की गति, ब्रेकिंग और सुरक्षित संचालन की जांच की जा रही है। स्वचालित आपातकालीन ब्रेक प्रणाली का भी परीक्षण होगा। अधिकारियों के मुताबिक, अलग-अलग परिस्थितियों में यह ट्रायल अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.