Jhansi News: थाने के टॉयलेट में पुजारी ने लगाया फंदा, 9 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का था आरोप

Jhansi News: झांसी के गुरसराय थाने में सोमवार सुबह 62 वर्षीय पुजारी राजेंद्र प्रसाद ने कथित तौर पर फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उन्हें टॉयलेट में लटका देखा और तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां करीब 10:15 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राजेंद्र प्रसाद को रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे 9 साल की बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।

परिवार बोला- आरोप नहीं सह पाए, साजिश की आशंका

राजेंद्र के बेटे विनय ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उनके परिवार को मंदिर से हटाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह राजेंद्र ने मंदिर के पास फूल तोड़ रही बच्ची को सिर्फ डांटा था। इसके बाद बच्ची के परिवार ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया और डायल-112 पर सूचना दी।

विनय के मुताबिक, रात में पिता ने खुद को निर्दोष बताया था। सोमवार सुबह पुलिस ने पहले तबीयत खराब होने की बात कही और बाद में बताया कि उन्होंने टॉयलेट में फंदा लगा लिया। परिवार ने मामले में दबाव और मिलीभगत की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

एसएसपी ने दिए जांच के आदेश

अस्पताल के सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि राजेंद्र को सुबह करीब 8:15 बजे अस्पताल लाया गया था। उनके गले पर फंदे के निशान मिले थे। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने कहा कि एसपी ग्रामीण को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस और पीएसी तैनात की गई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.