कलयुगी पोते ने 80 साल की दादी से की दरिंदगी की कोशिश, पुलिस की भूमिका पर सवाल

Sandesh Wahak Digital Desk: मुजफ्फरनगर ज़िले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के परासौली गांव से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पोते ने रिश्तों की सारी हदें पार करते हुए अपनी 80 वर्षीय दादी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। इस शर्मनाक घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी का पिता पीड़िता से माफी मांगते हुए दिखाई दे रहा है।

क्या है पूरा मामला

यह दर्दनाक घटना 2 जून की रात की है, जब बुजुर्ग महिला घर में अकेली सो रही थीं। उनका बेटा पास के गांव में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। इसी दौरान पोते सूरज ने सुनसान मौका देखकर अपनी दादी के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। पीड़िता के चिल्लाने पर बहू और गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और महिला को बचाया।

पीड़िता की आपबीती

80 साल की महिला ने कांपती आवाज़ में बताया, वो मेरे पास आकर लेट गया और गलत हरकतें करने लगा। मैंने चिल्लाना शुरू किया, बहू दौड़ी आई और उसे रोका। उसने मेरा नाड़ा भी तोड़ दिया और मुंह दबा दिया… बहुत गलत किया, ऐसा नहीं करना चाहिए था।

पुलिस पर गंभीर आरोप

परिजनों ने अगले दिन परासौली चौकी पर शिकायत दर्ज करवाई थी। आरोपी सूरज को हिरासत में लिया गया, लेकिन कुछ ही घंटों में उसे छोड़ दिया गया। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। जब मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा तो सीओ फुगाना ऋषिका सिंह खुद मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा, हमें सूचना मिली थी कि 80 साल की महिला के साथ उनके पोते ने गलत हरकत की कोशिश की। हम मामले की निष्पक्ष जांच कर रहे हैं और सुसंगत धाराओं में केस दर्ज करेंगे।

वायरल वीडियो से मचा बवाल

इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें आरोपी सूरज का पिता धीरज, पीड़िता के सामने पैर पकड़कर माफी मांग रहा है। इस वीडियो के वायरल होते ही इलाके में गुस्सा फैल गया है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Also Read: पहलगाम हमले में शहीद लेफ्टिनेंट की पत्नी का अश्लील वीडियो शेयर करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.