राहुल गांधी पाकिस्तान के प्रवक्ता… केशव प्रसाद मौर्य बोले- ‘समाप्तवादी पार्टी’ की वापसी सिर्फ मुंगेरीलाल के सपने जैसा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों की गूंज अभी से सुनाई देने लगी है। राजनीतिक बयानबाजी, कटाक्ष और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज़ हो गया है। इसी कड़ी में राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
वाराणसी दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) को ‘समाप्तवादी पार्टी’ की संज्ञा देते हुए तंज कसा कि ‘2027 का चुनाव अखिलेश यादव के लिए सिर्फ मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसा होगा।’ उन्होंने कहा कि जनता ने 2022 में सपा को नकारा था और 2027 में भी यही दोहराया जाएगा।
केशव मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी नहीं बख्शा। विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने राहुल गांधी को पाकिस्तान का प्रवक्ता करार दिया। मौर्य का कहना था कि “राहुल गांधी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं और भारतीय सेना को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार सेना का मनोबल गिराने और देश की छवि को धूमिल करने में लगी है।
सपा पर केशव मौर्य का पलटवार
यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी की आलोचना पर मौर्य ने पलटवार करते हुए कहा, “जो लोग खुद शीशे के घरों में रहते हैं, उन्हें दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से मजबूत और नियंत्रण में है।”
इसके अलावा, बिहार विधानसभा चुनावों को लेकर भी मौर्य ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार फिर से भाजपा और जेडीयू की सरकार सत्ता में लौटेगी। डिप्टी सीएम का यह बयान उस समय आया है जब हाल ही में समाजवादी पार्टी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बीच पोस्टर वॉर और ‘डीएनए’ विवाद ने प्रदेश की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है। आने वाले महीनों में यह टकराव और तीखा होता दिखाई दे सकता है।
Also Read: Lucknow News: काश आपकी नसों में गर्म सिंदूर की जगह… सपा नेत्री का PM मोदी पर तीखा वार

